Headlines

फाजिल्का में दुकानदार बारिश से परेशान:बोले- बरसात नहीं हो तो बेहतर: 20 साल से जलभराव की समस्या, दो-दो दिन तक ठप हो जाता कारोबार




फाजिल्का के आर्य समाज रोड क्षेत्र में बरसात के बाद जलभराव की समस्या एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पिछले करीब 20 वर्षों से क्षेत्र में यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बारिश के बाद सड़कों पर जमा पानी के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है और राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आर्य समाज रोड पर मेडिकल स्टोर संचालक अंकित अनेजा ने बताया कि वह पिछले 11 वर्षों से यहां दुकान चला रहे हैं, जबकि यह समस्या इससे भी पुरानी है। उन्होंने कहा कि एक बार बारिश होने पर शास्त्री चौक से लेकर उनकी दुकान और आसपास के क्षेत्र में पानी भर जाता है। कई बार दो-दो दिन तक पानी जमा रहने से दुकानों का कामकाज प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि पास में लड़कियों का सरकारी स्कूल भी है, जिससे छात्राओं को आने-जाने में परेशानी होती है। दुकानदार बोले- कई लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं दुकानदारों के अनुसार, जलभराव के कारण कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर कौंसिल को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों ने यह मुद्दा स्थानीय विधायक के समक्ष भी उठाया था, जहां जल्द समाधान का आश्वासन मिला था, लेकिन हालात अभी भी जस के तस बने हुए हैं। स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को इस समस्या के समाधान को प्राथमिकता देनी चाहिए। वहीं, नगर कौंसिल के ईओ वीर विक्रम धूड़िया ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कुछ दिक्कतें आई हैं। उन्होंने कहा कि जमा पानी की निकासी करवाई जाएगी तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए जेई सहित तकनीकी टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *