![]()
चंडीगढ़ में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज आंधी का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए नगर निगम चंडीगढ़ ने लोगों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। निगम ने अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और जारी किए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। नगर निगम ने लोगों से कहा है कि बारिश और तेज हवा के दौरान अपने वाहन पुराने, बड़े या झुके हुए पेड़ों के नीचे खड़े न करें। ऐसे पेड़ों के नीचे खड़े होने या बारिश से बचने के लिए उनका सहारा लेने से भी बचें, क्योंकि तेज हवा में शाखाएं टूटने या पेड़ गिरने का खतरा रहता है। निगम ने यह भी सलाह दी है कि भारी बारिश और आंधी के समय पेड़ों वाली सड़कों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें। यदि बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह नगर निगम ने लोगों से कहा है कि बारिश के दौरान या उसके तुरंत बाद बिजली के खंभों, स्ट्रीट लाइट और पार्कों की लाइटों को हाथ न लगाएं, क्योंकि इनमें करंट आने का खतरा हो सकता है। लोगों से पेड़ों और बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की भी अपील की गई है। नगर निगम ने कहा कि यह एडवाइजरी लोगों की सुरक्षा और शहर की सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक आधिकारिक सूचना माध्यमों और हेल्पलाइन नंबरों के संपर्क में रहें। निगम ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी की सतर्कता से ही सिटी ब्यूटीफुल को सुरक्षित रखा जा सकता है।
Source link
बारिश-आंधी के अलर्ट पर चंडीगढ़ नगर निगम की एडवाइजरी:बारिश व तेज हवा चलने पर पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह
