Headlines

Punjab Chandigarh News | Former Union Minister Convoy Attack & DA Hike


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर पूर्व केंद्रीय मंत्री के काफिले पर हमले से जुड़ी रही। उनकी गाड़ियों पर अंडे-टमाटर फेंके गए। सुरक्षाकर्मियों ने एक घर में ले जाकर उन्हें बचाया। उन्होंने हमले का आरोप AAP के समर्थकों पर लगाया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. बिट्‌टू के काफिले पर हमला, AAP पर आरोप

पंजाब में BJP की नशामुक्त यात्रा शुरू होने से पहले पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू के काफिले पर बटाला के पास हमला हुआ। बिट्‌टू के मुताबिक, घासीतपुर स्टेशन के पास फतेहगढ़ चूड़ियां के AAP हलका इंचार्ज जोबन रंधावा के कार्यालय के बाहर मौजूद लोगों ने काफिले पर अंडे-टमाटर फेंके और गाड़ियां रोककर घेरने की कोशिश की। कुछ वाहनों के शीशे भी टूटे। Z+ सुरक्षा के बीच सुरक्षाकर्मी बिट्‌टू को पास के एक घर में ले गए।

उन्होंने 2 लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। बिट्‌टू ने AAP सरकार के संरक्षण में हमला होने का आरोप लगाते हुए गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब DGP को जानकारी देने की बात कही। AAP नेता जोबन रंधावा ने कहा कि प्रदर्शन संदीप पाठक के खिलाफ था, बिट्‌टू के नहीं। बटाला SP के मुताबिक पुलिस को अभी शिकायत नहीं मिली, वीडियो के आधार पर जांच जारी है (पढ़ें पूरी खबर)

2. मुलाजिमों को मिलेगा 50% DA, बकाया 8% दो किश्तों में मिलेगा

पंजाब में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लंबित DA को लेकर सरकार और मुलाजिम संगठनों के बीच सहमति बनी है। CM भगवंत मान के साथ चंडीगढ़ में बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने ऐलान किया कि 8% DA दो किस्तों में 4-4% जारी किया जाएगा। इससे कर्मचारियों का DA बढ़कर 50% हो जाएगा और भुगतान इसी महीने की सैलरी के साथ होगा। सरकार पर करीब 248 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।

बैठक में पुरानी पेंशन, 2020 में केंद्रीय स्केल पर भर्ती कर्मचारियों को पंजाब स्केल, कच्चे मुलाजिमों को भत्ते, मिड-डे मील वर्करों का वेतन और प्रोफेशनल टैक्स खत्म करने समेत कई मांगों पर भी चर्चा हुई। सरकार ने इन पर विचार का भरोसा दिया। मुलाजिम नेताओं ने 8% DA स्वीकार किया, जबकि बाकी मांगों पर अदालत में मामला जारी रखने की बात कही। सरकार और कर्मचारियों की अगली बैठक करीब दो हफ्ते बाद होगी (पढ़ें पूरी खबर)

3. ASI की गोली मारकर हत्या, आतंकी संगठन ने जिम्मा लिया

अमृतसर में थाना गेट हकीमां में तैनात ASI हरजीत सिंह की ड्यूटी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार देर रात करीब 2:30 बजे वह दाना मंडी के पास बाइक से गश्त कर रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। हरजीत सिंह को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कत्ल के बाद DGP गौरव यादव ने अमृतसर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एक संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शोक जताते हुए परिवार को 1 करोड़ रुपए एक्स-ग्रेशिया देने का ऐलान किया। इसके अलावा HDFC बैंक की ओर से 1 करोड़ रुपए की बीमा राशि दी जाएगी (पढ़ें पूरी खबर)

4. AAP कल पंजाब में कैंपेन लॉन्च करेगी

CM भगवंत मान ने लुधियाना में PAU किसान मेले के उद्घाटन के मौके पर बहाने से किसान नेताओं पर तंज कसा। CM ने कहा- मेले में किसान यूनियन वाले भी आए होंगे। किसान यूनियनें धरने न लगाया करें। आपको जब मीटिंग करनी है तब मेरे पास आ जाया करो। आप लोग पहले धरना लगाते हैं, फिर कहते हैं मीटिंग करनी है। आप पहले ही आ जाया करो। मैं आपका मित्र कीड़ा हूं। तुम मेरे पर भी स्प्रे कर देते हो।

उधर, आम आदमी पार्टी (AAP) कल पंजाब में चुनाव कैंपेन लॉन्च करेगी। CM भगवंत मान कल 19 सितंबर को लुधियाना में चुनावी पंफलेट जारी करेंगे। इसके बाद AAP 20 सितंबर से मेगा लेवल पर डोर-टू-डोर कैंपेन शुरू करेगी। इसकी शुरूआत CM भगवंत मान अपने विधानसभा क्षेत्र धूरी में घर-घर जाकर करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

5. BJP ने शुरू की नशामुक्त पंजाब यात्रा

विधानसभा चुनाव से पहले BJP ने पठानकोट से नशामुक्त पंजाब यात्रा शुरू कर दी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नशे के खिलाफ हेल्पलाइन नंबर 97149-02027 और नशामुक्त पंजाब का पोस्टर जारी किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं और भविष्य को नशे से बचाने के लिए घर-घर अभियान चलाना जरूरी है। नवीन ने कहा कि BJP नशा माफिया के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाएगी और पार्टी कार्यकर्ता किसी दबाव से पीछे नहीं हटेंगे।

यह यात्रा 13 दिन में 4 हजार किलोमीटर का सफर तय कर पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब, 20 को फाजिल्का और 21 सितंबर को तलवंडी साबो से भी रथयात्रा निकलेगी। अभियान का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होगा, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली करेंगे (पढ़ें पूरी खबर)

6. चंडीगढ़ में भारत टैक्सी सर्विस लॉन्च

चंडीगढ़ में भारत टैक्सी सर्विस लॉन्च हो गई है। केंद्रीय सहकारिता विभाग की इस पहल का उद्घाटन प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया। उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और श्री कृष्ण पाल गुर्जर भी मौजूद रहे। भारत टैक्सी को ओला, उबर और रैपिडो के विकल्प के तौर पर सहकारी मॉडल पर शुरू किया गया है। इसमें ड्राइवरों को ‘सारथी’ कहा गया है और उन्हें कंपनी में हिस्सेदारी का मौका मिलेगा।

ये प्लेटफॉर्म जीरो कमीशन मॉडल पर काम करेगा, यानी राइड की कमाई का पूरा पैसा ड्राइवर को मिलेगा। यात्रियों के लिए जीरो सर्ज प्राइसिंग, फिक्स प्रति किलोमीटर किराया, कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी की सुविधा उपलब्ध होगी। एप में GPS ट्रैकिंग, लाइव लोकेशन, SOS और 24 घंटे कस्टमर सपोर्ट जैसे फीचर भी हैं। खास बात यह है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने हाल ही में ओला, उबर और इनड्राइव के लाइसेंस 6 महीने के लिए सस्पेंड किए थे (पढ़ें पूरी खबर)

7. चलती स्विफ्ट कार बनी आग का गोला

लुधियाना में चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कार के बोनट से लपटें उठते ही ड्राइवर आशु ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आसपास के राहगीरों और फैक्ट्री कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। आशु के मुताबिक, उसने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी।

उसका आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 2019 मॉडल की डीजल स्विफ्ट पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। कार से निकलते समय आशु का मोबाइल भी गिर गया, जिसे बाद में कोई व्यक्ति उठा ले गया। पुलिस चौकी इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि घटना में किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ (पढ़ें पूरी खबर)

8. ब्रिटिश नागरिक जग्गी जोहल को 7 केसों में जमानत

दिल्ली हाईकोर्ट ने ब्रिटिश नागरिक जगतार सिंह जोहल उर्फ जग्गी जौहल को बड़ी राहत देते हुए लुधियाना और जालंधर में हुई टार्गेटेड किलिंग्स से जुड़े 7 मामलों में जमानत दे दी है। इन मामलों में UAPA और हत्या से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। न्यायमूर्ति नवीन चावला और न्यायमूर्ति रविंदर डुडेजा की डिवीजन बेंच ने यह फैसला सुनाया। हालांकि, विस्तृत आदेश अभी जारी होना बाकी है। मामलों की जांच NIA कर रही है।

NIA का आरोप है कि जोहल 2016-17 में पंजाब में हुई टार्गेटेड किलिंग्स की साजिश में शामिल था और उसका संबंध खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) से था। एजेंसी के मुताबिक, इन हत्याओं का मकसद पंजाब में कानून-व्यवस्था बिगाड़ना था। इससे पहले 2024 में हाईकोर्ट ने जमानत खारिज कर दी थी। बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर मामलों की दोबारा सुनवाई हुई, जिसके बाद अब हाईकोर्ट ने जमानत मंजूर की है (पढ़ें पूरी खबर)

9. ऑनलाइन पेमेंट बंद करेंगे पेट्रोल पंप

पेट्रोल पंप और LPG डीलरों ने 2000 रुपए से ज्यादा पेमेंट पर अतिरिक्त चार्ज यानी UPI MDR को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि कम मार्जिन में काम करने वाले डीलरों के लिए अतिरिक्त शुल्क उठाना मुश्किल होगा। लुधियाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक कुमार सचदेवा ने कहा कि पेट्रोल पंप पर ग्राहक से मीटर में दिखाई गई रकम ही ली जाती है। ऐसे में MDR का खर्च ग्राहक से अलग वसूलना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि अगर पेट्रोलियम कंपनियों से समाधान नहीं निकला तो UPI और अन्य ऑनलाइन पेमेंट सीमित कर दोबारा कैश लेने की व्यवस्था करनी पड़ सकती है। LPG वितरकों ने भी यही चिंता जताई है। डीलरों का कहना है कि इससे डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने की मुहिम प्रभावित होगी। वहीं, कैश कलेक्शन बढ़ने से सुरक्षा का जोखिम भी बढ़ सकता है। NPCI का प्रस्तावित MDR फ्रेमवर्क 15 अक्टूबर से लागू होने की योजना है (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके

10. पंजाब से iPhone खरीदने नोएडा पहुंच गया युवक

पंजाब के युवक की नए लॉन्च iPhone के प्रति ऐसी दीवानगी दिखी कि वह सबसे पहले मोबाइल खरीदने के लिए पंजाब से नोएडा पहुंच गया। युवक गुरदित्त सिंह ने बताया कि वह सुबह 6 बजे ही लाइन में लग गया था। इसके बाद उसने iPhone 18 Pro मैक्स मॉडल के 2 मोबाइल खरीदे।

गुरदित्त सिंह ने बताया कि वह उसने 2 फोन खरीदे, जिन पर साढ़े 3 लाख रुपए खर्च हुआ है। गुरदित्त ने कहा कि पहली बुकिंग मेरी ही हुई थी। मुझे ही पहला फोन मिला है। मैं खास तौर पर ये मोबाइल खरीदने के लिए ही पंजाब से नोएडा आया। उसने कहा कि दूसरा फोन उसने गिफ्ट देने के लिए खरीदा है।

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *