![]()
सागर जिले में इस सीजन बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बारिश का सीजन खत्म होने में अब 11 दिन बाकी हैं, लेकिन जिले की सामान्य बारिश का कोटा अभी पूरा नहीं हुआ है। अब तक जिले में 871.6 मिमी यानी 34.3 इंच औसत बारिश दर्ज हुई है, जबकि जिले की सामान्य बारिश 1230.5 मिमी यानी 48.44 इंच है। सामान्य औसत तक पहुंचने के लिए शेष दिनों में 14.1 इंच औसत बारिश की जरूरत है। शुक्रवार को बारिश, शनिवार को बादलों की आवाजाही सागर में शुक्रवार शाम बारिश हुई। इसके बाद शनिवार सुबह से आसमान में निचली परत के बादलों की आवाजाही बनी हुई है। बादलों के बीच धूप भी खिली। शनिवार को सागर का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे जिले में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं। पिछले साल से 22% कम बारिश जिले में अब तक 34.3 इंच औसत बारिश हुई है। जबकि पिछले साल 19 सितंबर तक जिले में 1121.9 मिमी यानी 44.2 इंच औसत बारिश दर्ज हो चुकी थी। इस तरह पिछले साल की तुलना में इस बार अब तक करीब 22 प्रतिशत कम बारिश हुई है। देवरी में सबसे ज्यादा, शाहगढ़ में सबसे कम बारिश इस सीजन में जिले के देवरी विकासखंड में सबसे ज्यादा 1161 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं शाहगढ़ में सबसे कम 493 मिमी पानी गिरा है। जिले की औसत बारिश सामान्य आंकड़े से अभी काफी पीछे है और अब शेष 11 दिनों में होने वाली बारिश पर सामान्य कोटा पूरा होने की स्थिति निर्भर है।
Source link
सीजन के 11 दिनों में 14इंच औसत बारिश की जरूरत:सागर में अब तक 34.3 इंच पानी गिरा, पिछले साल की तुलना में 22% कम
