![]()
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एलआईसी एजेंट बशीरुद्दीन (64) की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी दामाद के पिता को भी पकड़ लिया है। पुलिस के मुताबिक, दामाद ने 5 लाख रुपए की सुपारी देकर अपने ससुर की हत्या करवाई थी। इसके लिए उसने झारखंड से दो हमलावर बुलाए थे। दोनों ने 16 सितंबर की सुबह घर में घुसकर बशीरुद्दीन पर चाकू से हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। घटना अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रसुलपुर इलाके की है। पुलिस इस मामले में दामाद समेत चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब एक और गिरफ्तारी हुई है। यह मामले में पांचवीं गिरफ्तारी है। बताया गया है कि आरोपियों के परिवार का समाज ने बहिष्कार कर दिया है। मृतक की बेटी सादिया का अपने पति मो. नाजिम शबा से तलाक का केस कोर्ट में चल रहा था। आरोप है कि पति ने पहले भी सादिया और उसके परिवार को केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी थी। जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, 16 सितंबर की सुबह रसूलपुर के बशीरुद्दीन (लज्जू) (64) घर पर थे। इसी दौरान तीन हमलावर घर में घुसे और उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने बशीरुद्दीन पर लगातार कई वार किए। उन्होंने बचने की कोशिश भी की। परिजनों के शोर मचाने पर हमलावर मौके से भाग गए। बशीरूद्दीन को तीन बार चाकू मारा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए। परिजन उन्हें मिशन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस केस का मामला बताकर वहां इलाज नहीं किया गया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें फिरदौही हॉस्पिटल में भर्ती किया। इलाज के दौरान बशीरुद्दीन की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर आईजी दीपक कुमार झा, एसएसपी राजेश अग्रवाल समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हंगामें के बाद गिरफ्तारी मामले में पुलिस ने मृतक के दामाद मो. नाजिम शबा (30), निवासी तकिया को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा झारखंड के रहने वाले कंचन कुमार (28) और अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता (25) समेत सहयोगी नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू (32), निवासी तकिया को भी पकड़ा गया था। शुक्रवार को दोनों पक्ष आईजी कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यालय परिसर में मृतक की बेटी और उसके परिजनों ने दूसरे पक्ष के लोगों से मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। मृतक की बेटी सादिया ने आरोप लगाया कि उसके पिता की हत्या में उसके ससुर की भी भूमिका है। पुलिस के मुताबिक, मृत्यु से पहले दिए गए बयान में भी बशीरुद्दीन ने अपने दामाद और उसके परिवार की ओर से हमला कराए जाने की आशंका जताई थी। अब पुलिस ने मुख्य आरोपी नाजिम शबा के पिता मोईन मिया (65) को भी गिरफ्तार कर लिया है। वह मूल रूप से ग्राम सकलदीपा, थाना पाकी, जिला पलामू, झारखंड का रहने वाला है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link
एलआईसी एजेंट की हत्या के मामले में पांचवीं गिरफ्तारी:दामाद ने पांच लाख की सुपारी देकर कराई थी हत्या, पिता भी गिरफ्तार
