![]()
सागर जिले में बारिश के सीजन की विदाई के दौर में झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। पिछले दो दिनों से जिले के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। 19 और 20 सितंबर को सागर समेत रहली और देवरी ब्लॉक में तेज बारिश हुई। हवाओं के साथ हुई बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हुआ है। हवा के असर से मक्का की फसल खेतों में आड़ी हो गई। वहीं, खेतों में पानी जमा होने से उड़द की फसल को नुकसान हुआ है। सोयाबीन के पत्ते भी पीले पड़ने लगे हैं। किसानों के बीच पीला मोजेक का खतरा बढ़ने की चिंता है। किसानों ने बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराने और मुआवजा दिलाने की मांग की है। सीजन के आखिरी दिनों में हुई बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिले में अब तक 34.4 इंच औसत बारिश बारिश के इस सीजन में जिले की सामान्य बारिश का कोटा अभी पूरा नहीं हुआ है। अब तक जिले में सामान्य 48.4 इंच के मुकाबले 34.4 इंच औसत बारिश हुई है। जबकि पिछले साल 21 सितंबर तक 44.2 इंच औसत बारिश हो चुकी थी। सामान्य बारिश का कोटा पूरा करने के लिए अभी करीब 13 इंच औसत बारिश की जरूरत है। बादलों के बीच धूप-छांव का दौर सोमवार सुबह से सागर में आसमान पर बादलों की आवाजाही जारी है। बादलों के बीच धूप-छांव का दौर बना हुआ है। अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग के अनुसार, धूप-छांव के बीच शाम को मौसम बदल सकता है। घने बादल छाने के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। आने वाले दिनों में भी जिले के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है।
Source link
सागर में 2 दिन से बारिश, खेतों में फसलें खराब:मक्का-उड़द के खेत में पानी भरने से नुकसान, सोयाबीन पर भी असर
