Headlines

अटका चौक पर आभूषण व्यवसायी को हथियार दिखाकर लूटा:चार अपराधी दो बाइक से नकदी, सोने-चांदी के गहने लेकर भागे




गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में अटका चौक से करीब 200 मीटर दूर एक आभूषण व्यवसायी से लूटपाट हुई है। दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने हथियार दिखाकर इस वारदात को अंजाम दिया। अपराधी व्यवसायी बंटी स्वर्णकार से नकदी और गहनों से भरे दो बैग छीनकर फरार हो गए। बंटी स्वर्णकार अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। उन्होंने एक बैग बाइक की डिक्की में रखा था और दूसरा झोला हैंडल में लटका हुआ था। जैसे ही वे घर पहुंचे और अंदर जाने वाले थे, तभी यह घटना हुई। बगोदर की ओर से दो बाइक पर चार लोग वहां पहुंचे। सभी ने हेलमेट पहन रखा था। अपराधियों ने एक बाइक आगे और दूसरी पीछे खड़ी कर बंटी स्वर्णकार का रास्ता रोक दिया। व्यवसायी के मुताबिक, इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, अपराधियों ने हथियार दिखाकर डिक्की में रखा बैग और हैंडल में लटका झोला छीन लिया। वे जीटी रोड के रास्ते गोरहर-बरकट्ठा की ओर भाग गए। व्यवसायी ने बताया कि अपराधियों के पास हथियार होने के कारण वे डर गए थे। बाद में हो-हल्ला करने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन तब तक सभी फरार हो चुके थे। पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, दोनों बैग में करीब 20 से 30 हजार रुपये नकद, 50 से 60 हजार रुपये के सोने के आभूषण और लगभग डेढ़ किलो चांदी थी। घटना की सूचना तुरंत बगोदर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार राम और बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार अटका गांव पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। सोमवार को भी पुलिस टीम अटका पहुंची और घटनास्थल के आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। व्यवसायी बगोदर थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया में भी थे। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया छिनतई की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अपने स्तर से जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *