Headlines

हिमाचल में विधवा के बच्चों को 27 साल तक ₹1,000:प्रदेश सरकार ने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना का दायरा बढ़ाया




हिमाचल प्रदेश सरकार ने विधवा और अकेली महिलाओं के बच्चों के लिए राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने निर्देश दिए हैं कि इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत अब 19 से 27 साल की उम्र के बच्चों को भी हर महीने 1,000 रुपये पॉकेट मनी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी योजनाओं का फायदा सही लोगों तक आसानी से पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभाग की सभी योजनाओं को एक पोर्टल से जोड़ने की तैयारी करने को कहा गया है। अभी सुख शिक्षा योजना के तहत विधवा और अकेली महिलाओं के 18 साल तक की उम्र वाले बच्चों को 1,000 रुपये महीने की पॉकेट मनी मिल रही है। प्रदेश में इस योजना के 21,292 लाभार्थी हैं। चालू वित्त वर्ष में इसके लिए 40.29 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। योजना के तहत इन बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च भी सरकार उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसे की कमी के कारण प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से पीछे नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सुख शिक्षा योजना के लाभार्थियों और चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के 50-50 होशियार विद्यार्थियों को विदेश दौरे पर भेजने की तैयारी की जाए। बैठक में प्रस्तावित इंदिरा गांधी मातृ शिशु संकल्प योजना पर भी चर्चा हुई। इसके तहत प्रदेश के 11 जिलों में पौष्टिक आहार देने की योजना है। मुख्यमंत्री ने नौ बाल देखभाल केंद्रों के निर्माण के लिए पूरा पैसा उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया। वहीं, कांगड़ा के लुथान में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय ग्राम परिसर का काम तेज करने और इसे मई 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *