Headlines

गैंगेस्टर्स पर गुरदासपुर सांसद ने केंद्र-राज्य सरकार को घेरा:केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लिखा पत्र, कहा- भाजपा की यात्रा से पंजाब बदनाम हो रहा




पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री व गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य में बढ़ते नशा, गैंगस्टरवाद और सीमा पार से आ रहे ड्रोन व हथियारों पर गहरी चिंता व्यक्त की। रंधावा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पुनः पत्र लिखकर केंद्र व पंजाब सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर गृह मंत्री को अब तक 10 से 15 पत्र लिख चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने पठानकोट से शुरू हुई भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ पर निशाना साधते हुए कहा कि यह यात्रा पंजाब को बदनाम कर रही है, जबकि देश में 40 फीसदी से अधिक सिंथेटिक ड्रग्स का इस्तेमाल हो रहा है। 30 सितंबर को पंजाब दौरे पर आ रहे गृह मंत्री से ठोस कार्रवाई की मांग रंधावा ने गृह मंत्री अमित शाह के 30 सितंबर के प्रस्तावित पंजाब दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वे केवल बयानबाजी करने के बजाय सीमा पार से हो रही ड्रोन तस्करी को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं। उन्होंने मांग की कि गृह मंत्री खुद पाकिस्तान सीमा का दौरा करें। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त नारकोटिक्स विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करें, क्योंकि यह सीधे तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है। इसके अलावा, उन्होंने भाजपा सांसद तरुण चुघ को भी पंजाब की वास्तविक स्थिति से अपनी पार्टी को अवगत कराने की सलाह दी। जेल से नेटवर्क चला रहा जग्गू भगवानपुरिया, विदेशों तक फैले हैं तार प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर बात करते हुए रंधावा ने दावा किया कि कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया पर 128 मामले दर्ज होने के बावजूद वह जेल के भीतर से ही अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जग्गू का यह नेटवर्क पंजाब पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है और इसके देश-विदेश में 1,000 से अधिक सदस्य सक्रिय हैं, जिनमें से 100 सदस्य अकेले अमेरिका में मौजूद हैं। सादी वर्दी में पुलिस थानों जाने की एडवाइजरी पर कसा तंज पंजाब सरकार द्वारा पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में थानों में आने से जुड़ी एडवाइजरी पर तंज कसते हुए रंधावा ने इसे पंजाब पुलिस के लिए बेहद शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा कि स्थिति यह हो गई है कि पुलिस दिन के समय भी निकलने से डर रही है, जबकि पुलिस के उच्च अधिकारी गैंगस्टरों से वीडियो कॉल पर बातचीत करते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक अधिकारी गैंगस्टरों से संपर्क बंद कर उन पर कड़ा एक्शन नहीं लेंगे, तब तक स्थिति में सुधार नहीं हो सकता। इस दौरान उनके साथ हलका इंचार्ज मजीठा भगवंत पाल सच्चर और जोगिंदर पाल ढींगरा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *