![]()
जसोल नगर पालिका के पहले चुनाव में भाजपा ने बोर्ड बनाया है। भाजपा राजस्थान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जसोल से बालोतरा तक चुनाव प्रचार किया था। उनके नेतृत्व में भाजपा के 20 में से 11 पार्षद चुनाव जीते। इसके बाद निर्मला देवी प्रजापत अध्यक्ष और रमेश कुमार भंसाली उपाध्यक्ष चुने गए। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने किया प्रचार हरिशचंद्र सिंह जसोल ने जसोल नगर पालिका चुनाव की शुरुआत से ही पार्टी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अभियान को वार्ड स्तर तक पहुंचाया। उन्होंने कई वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन किया। साथ ही, अलग-अलग कार्यालयों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं और वार्ड के लोगों के साथ चुनाव की तैयारियों और स्थानीय मुद्दों पर बात की। बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में किया था प्रचार चुनाव प्रचार के दौरान कई समाजों के बुद्धिजीवियों, सामाजिक प्रतिनिधियों, व्यापारियों और युवाओं के साथ बैठकें हुईं। इन बैठकों में जसोल के सुनियोजित विकास पर चर्चा हुई। इसमें सड़क, साफ-सफाई, पानी की निकासी, बिजली, सार्वजनिक सुविधाएं, सौंदर्यीकरण और बुनियादी विकास जैसे मुद्दे शामिल थे। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने “विकसित जसोल” के संकल्प के साथ भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। चुनाव के समय उनका निजी निवास रावलगढ़, जसोल भी सामाजिक बैठकों का मुख्य केंद्र रहा। यहां अलग-अलग समाजों और वार्डों के नागरिकों के साथ जसोल के भविष्य, शहर की जरूरतों और विकास की प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई। जसोल के चुनाव अभियान में पूर्व राज्यमंत्री अमराराम चौधरी, पचपदरा विधायक अरुण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी, भाजपा बालोतरा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गणपत सिंह भाटी, जसोल चुनाव प्रभारी हरी सिंह उमरलाई, चुनाव संयोजक गोविंद सिंह कालूड़ी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष खेताराम प्रजापत तथा भाजपा ग्रामीण मंडल महामंत्री कांतीलाल राजपुरोहित सहित पार्टी के पदाधिकारियों, प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप सक्रिय सहभागिता निभाई।
चुनाव परिणाम में भाजपा के 11 प्रत्याशी पार्षद निर्वाचित हुए। इसके बाद 21 सितम्बर को हुए अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की निर्मला देवी प्रजापत ने 13 मत प्राप्त कर नवगठित जसोल नगर पालिका की प्रथम अध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं 22 सितम्बर को हुए उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा के रमेश कुमार भंसाली उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
बालोतरा में भी सघन चुनाव प्रचार जसोल के साथ हरिशचंद्र सिंह जसोल ने बालोतरा नगर परिषद चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने नगर के विभिन्न वार्डों में पार्टी के चुनावी कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए स्थानीय कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, युवाओं, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों से संपर्क किया। बालोतरा में भाजपा प्रत्याशी योगेश गहलोत के वार्ड संख्या 8 के चुनाव अभियान में हरिशचंद्र सिंह जसोल की विशेष सक्रियता रही। उन्होंने वार्ड में स्थानीय नागरिकों और विभिन्न समाजों के लोगों से संपर्क कर योगेश गहलोत के लिए समर्थन मांगा। चुनाव परिणाम में योगेश गहलोत 377 मत प्राप्त कर 30 मतों के अंतर से पार्षद निर्वाचित हुए। इसके बाद भाजपा ने उन्हें सभापति पद का प्रत्याशी बनाया और वे 30 मत प्राप्त कर बालोतरा नगर परिषद के सभापति निर्वाचित हुए। बालोतरा नगर परिषद के 55 वार्डों में भाजपा के 29 पार्षद निर्वाचित हुए। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने योगेश गहलोत के वार्ड के साथ नगर के अन्य वार्डों में भी पार्टी प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में सहभागिता निभाई। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने निकाय चुनाव में मिले जनसमर्थन पर श्री राणीसा भटियाणीसा की असीम कृपा बताते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ तथा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी के नेतृत्व का उल्लेख किया। उन्होंने जोधपुर संभाग एवं मालाणी क्षेत्र में भाजपा को मिले व्यापक जनसमर्थन के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद हरिशचंद्र सिंह जसोल ने जसोल एवं बालोतरा के मतदाताओं, विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजनों, भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व, पदाधिकारियों, प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सामने आए जनसुझावों और विकास संबंधी अपेक्षाओं को स्थानीय निकायों के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि “विकसित जसोल” के संकल्प को सभी वार्डों और समाजों की सहभागिता से आगे बढ़ाते हुए नगर के सुनियोजित विकास, बेहतर मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
Source link
