![]()
उकलाना विधायक नरेश सेलवाल ने शाहाबाद में धान की खरीद जल्द शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने कहा कि अपनी फसल की खरीद की मांग को लेकर आवाज उठा रहे किसानों पर पुलिस बल का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। बता दें कि, शाहाबाद में 22 सितंबर को किसानों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात रोकने के प्रयास के दौरान पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। विधायक सेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। किसानों को समय पर खाद और बीज मिलने में परेशानी होती है और फसल तैयार होने के बाद मंडियों में पहुंचने पर खरीद को लेकर भी उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है। फसल बेचने के लिए इंतजार कर रहे किसान उन्होंने कहा कि किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों में इंतजार कर रहे हैं, ऐसे में सरकार को किसानों से बातचीत कर उनकी समस्या का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से फसल की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की बात कही जाती है, लेकिन किसानों को खरीद शुरू करवाने के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। सेलवाल ने दावा किया कि मंडियों में धान की आवक शुरू हुए करीब 15 दिन हो चुके हैं और खरीद व्यवस्था को लेकर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान की मेहनत का सम्मान करे सरकार विधायक ने कहा कि किसान ने दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार की है। खेती के दौरान खाद और बीज की व्यवस्था से लेकर फसल तैयार होने तक उसे अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। अब जब फसल मंडी में पहुंच गई है तो उसकी खरीद में देरी से किसान की चिंता बढ़ रही है। ऐसे समय में सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए। सेलवाल ने कांग्रेस पार्टी की ओर से किसानों के साथ खड़े रहने की बात कहते हुए कहा कि किसान प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि शाहाबाद सहित प्रदेश की मंडियों में धान की खरीद व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए आंदोलन करने की जरूरत न पड़े। हुड्डा सरकार के कार्यकाल का भी किया जिक्र विधायक नरेश सेलवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय किसानों के हित में कई कार्य किए गए और प्रदेश में कृषि क्षेत्र को लेकर सकारात्मक माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा शासन में किसान फसल की बिक्री और खेती की मूलभूत जरूरतों को लेकर परेशान है। सेलवाल ने कहा कि कांग्रेस किसानों के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने सरकार से किसानों के साथ संवाद स्थापित करने, उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने और मंडियों में धान की खरीद जल्द शुरू करने की मांग की।
Source link
उकलाना विधायक ने साधा प्रदेश सरकार पर निशाना:नरेश सेलवाल बोले- किसानों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल निंदनीय
