![]()
मोगा के बाघापुराना में घर में अवैध रूप से घुसकर पति-पत्नी के साथ मारपीट करने और उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाने के आरोप में बाघापुराना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गांव नत्थूवाला गरबी निवासी पीड़ित हरपाल सिंह की शिकायत पर की है। पुलिस को दी शिकायत में हरपाल सिंह (29) ने बताया कि 30 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव नत्थूवाला गरबी निवासी फकीर सिंह (पुत्र अजीत सिंह), उसका बेटा वीरा सिंह और फरीदकोट के गांव बग्गेयाना निवासी करनवीर सिंह (पुत्र रणजीत सिंह) जबरन उनके घर में दाखिल हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी हरमनप्रीत कौर को बांधकर दोनों के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं। पैसे लगाने से मना करने पर बनाई रंजिश पीड़ित हरपाल सिंह ने बताया कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश थी। दरअसल, हरपाल सिंह और उनके परिवार ने अपनी बुआ के ससुराल पक्ष से जुड़े रणजीत सिंह (निवासी बग्गेयाना) के एक मामले में पैसे लगाने से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा था और इसी रंजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया। विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद बाघापुराना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 117(2), 3(5) और आईपीसी की धारा 323, 325, 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
Source link
घर में घुसकर महिला को बांधकर पीटने का आरोप:मोगा में रंजिश में वारदात, पति-पत्नी को किया घायल, तीन लोगों पर केस
