Headlines

गानवी खड्ड में एक साल बाद भी पुल नहीं:पिछले साल आपदा में बहा था, अस्थायी पुलिया भी टूटी, भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने सरकार पर उठाए सवाल




रामपुर के 15/20 क्षेत्र के गानवी खड्ड में पिछले एक वर्ष से स्थायी पुल का निर्माण न होने पर सियासत गरमा गई है। पुल न होने के कारण इलाके की चार प्रमुख पंचायतों का संपर्क पूरी तरह प्रभावित है और ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेता एवं पूर्व हिमकोफेड चेयरमैन कौल सिंह नेगी ने मंगलवार को गानवी क्षेत्र का दौरा कर प्रदेश सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। कौल सिंह नेगी ने बताया कि पिछले वर्ष आई भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान गानवी खड्ड पर बना स्थायी पुल बह गया था। इसके बाद प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए एक अस्थायी पुलिया का निर्माण किया था, लेकिन इस वर्ष बरसात में खड्ड का जलस्तर बढ़ते ही वह अस्थायी पुलिया भी पानी में बह गई। इसके कारण क्याओ, कुट, गानवी और जगोरी सहित चार पंचायतों का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह टूट गया है। खोखले साबित हुए लोक निर्माण विभाग मंत्री के वादे नेगी का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री ने एक वर्ष पहले जनता को जल्द से जल्द नया पुल बनाने का भरोसा दिया था, लेकिन धरातल पर आज तक काम शुरू नहीं हो सका। पुल के अभाव में स्कूली बच्चों, गंभीर मरीजों और बुजुर्ग ग्रामीणों को हर दिन उफनती नदी पार करने के लिए अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। इसके अलावा, जगोरी पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा भी बाढ़ की भेंट चढ़ चुका है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें दोगुनी हो गई हैं। जल्द काम शुरू न हुआ, तो होगा बड़ा आंदोलन भाजपा नेता ने सरकार और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि प्रभावित पंचायतों के लिए तुरंत किसी वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था की जाए और स्थायी पुल का निर्माण युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। उन्होंने दोटूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं निकाला, तो भाजपा स्थानीय जनता को साथ लेकर सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन का बिगुल फूकेगी। इस दौरे के दौरान भाजपा मंडलाध्यक्ष सराहन महेंद्र जैन, भाजयुमो अध्यक्ष एवं प्रधान (क्याओ) अशोक मेहता, उपप्रधान (गानवी) पवन कुमार सहित कई अन्य पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *