Headlines

गोपालगंज जेल में विचाराधीन बंदी की संदिग्ध मौत:शराब तस्करी के आरोप में हुआ था गिरफ्तार,परिजनों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की




गोपालगंज के चनावे मंडलकारा में बंद एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान कटेया थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी हरेंद्र यादव के 22 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार यादव के रूप में हुई है। शराब तस्करी में 26 सितंबर को हुई थी गिरफ्तारी जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग ने नीरज कुमार यादव को 26 सितंबर को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 27 सितंबर को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके बाद उसे चनावे मंडलकारा में रखा गया था। रात में अचानक बिगड़ी तबीयत बताया जाता है कि 27 सितंबर की रात मंडलकारा में बंद नीरज की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर जेल प्रशासन ने उसे तत्काल इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान 28 सितंबर की सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही पहुंचे परिजन नीरज की मौत की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का कहना है कि गिरफ्तारी के समय और हिरासत में लिए जाने तक नीरज की तबीयत ठीक थी। ऐसे में अचानक उसकी मौत की सूचना मिलने से वे घटना को लेकर सवाल उठा रहे हैं। मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम घटना के बाद शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड का गठन कर कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस और जेल प्रशासन के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग मौत के बाद मृतक के गांव और आसपास के इलाके में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पुलिस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। नीरज तीन भाइयों में मंझला था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *