![]()
कोरबा जिले के पाली पडनिया गांव में देर रात एक भारतीय पैंगोलिन घर के आंगन में पहुंच गया। रात करीब 12:30 बजे रामरतन सिंह कंवर के घर के आंगन में पैंगोलिन को घूमते देखकर परिवार और आसपास के ग्रामीण हैरान रह गए। स्थानीय लोग इसे ‘कहट’ के नाम से जानते हैं। पैंगोलिन को देखकर ग्रामीणों ने उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय और उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा के निर्देश पर नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने सावधानी से पैंगोलिन को सुरक्षित पकड़ा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। समय पर सूचना मिलने और ग्रामीणों की सतर्कता के कारण पैंगोलिन को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा। अनुसूची-1 में संरक्षित है भारतीय पैंगोलिन उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा ने बताया कि भारतीय पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में संरक्षित वन्यजीव है। इसके शिकार या अवैध कब्जे पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर, खेत या आसपास कोई वन्यजीव दिखाई देने पर उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
Source link
कोरबा में घर के आंगन में पहुंचा दुर्लभ पैंगोलिन:ग्रामीणों की भीड़ जुटी, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
