![]()
हरदोई के पिहानी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर मजरे में मंगलवार तड़के करीब 4 बजे घर के सामने बने बाड़े में मगरमच्छ मिलने से हड़कंप मच गया। बाड़े में बंधे मवेशी अचानक तेज आवाज में चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर मकान मालिक रामकुमार की नींद खुली तो बाड़े में बड़ा मगरमच्छ देखकर उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर प्रधान प्रतिनिधि रामशरण समेत आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। डिप्टी रेंजर सुशील कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसे गांव से करीब 5 किलोमीटर दूर गोमती नदी में छोड़ दिया गया। रामकुमार के मुताबिक, तड़के बाड़े में बंधे मवेशी अचानक शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर वह बाहर पहुंचे तो बाड़े में बड़ा मगरमच्छ दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे प्रधान प्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मामले की सूचना मिलने पर डिप्टी रेंजर सुशील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम गांव पहुंची। वनरक्षक राहुल कुमार, सुशील कुमार, उदय सिंह, होरीलाल और कुलदीप ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित काबू में लिया। पांच किलोमीटर दूर गोमती में छोड़ा मगरमच्छ को पकड़ने के बाद वनकर्मी उसे गांव से करीब 5 किलोमीटर दूर ले गए। इसके बाद उसे गोमती नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का अनुमान है कि लगातार हुई बारिश के कारण गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ नदी से निकलकर आबादी की तरफ पहुंचा होगा। गनीमत रही कि उसने किसी इंसान या मवेशी को नुकसान नहीं पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों में सतर्कता बनी हुई है।
Source link
किसान के घर बाड़े में दिखा मगरमच्छ:हरदोई में मवेशियों की आवाज सुन जागे मकान मालिक; वन विभाग ने रेस्क्यू कर गोमती में छोड़ा
