Headlines

गणपति विसर्जन में डूबे युवक का शव बरामद:कई दिन से गौरव की तलाश में जुटे थे परिजन, रेस्ट हाउस के सामने गेटों के बीच मिला शव




करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में रेस्ट हाउस के पास पश्चिमी यमुना नहर में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान यमुनानगर के गांव बुढिया निवासी 18 वर्षीय गौरव के रूप में हुई है। गौरव गणपति विसर्जन के दौरान नहर में डूब गया था। इसके बाद परिजन और गोताखोर कई दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को लोगों ने नहर में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकाला गया और परिजनों को सूचना दी गई। गणपति विसर्जन के दौरान डूबा था गौरव
पुलिस के अनुसार गौरव गणपति विसर्जन के दौरान पश्चिमी यमुना नहर में डूब गया था। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गोताखोर प्रगट सिंह भी तलाश अभियान में जुटे थे। मंगलवार को इंद्री रेस्ट हाउस के सामने नहर में गेटों के बीच गौरव का शव दिखाई दिया। रस्सियों से शव को किनारे तक लाया
गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि युवक कई दिनों से नहर में डूबा हुआ था और उसकी तलाश की जा रही थी। शव रेस्ट हाउस के सामने नहर के गेटों के बीच मिला। रस्सियों की मदद से शव को किनारे तक लाया गया और फिर बाहर निकाला गया। गौरव ने नीली जींस, काली बेल्ट और संतरी व नीले रंग की लाइनदार कमीज पहन रखी थी। पहले से मौजूद फोटो से हुई पहचान
प्रगट सिंह ने बताया कि युवक की फोटो पहले ही परिजनों की तरफ से उपलब्ध कराई गई थी। उसी के आधार पर शव की पहचान गौरव के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि गौरव परिवार का इकलौता बेटा था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी मोहित कुमार ने बताया कि नहर में शव मिला है और उसकी शिनाख्त हो चुकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *