Headlines

चंडीगढ़-हेड कॉन्स्टेबल के हत्यारे बेटे का 4 दिन रिमांड बढ़ा:देसी कट्टा देने वाला अरेस्ट, शादी-10 लाख मांगे, मना किया तो सोते वक्त मारी गोली



चंडीगढ़ सेक्टर-22 में हेड कॉन्स्टेबल नितिन की हत्या के मामले में पुलिस ने बेटे अरमान को देसी कट्टा उपलब्ध कराने वाले आरोपी मोहम्मद शाहीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले में सामने आए तीसरे आरोपी साहिल की तलाश कर रही है, जिसके मेरठ में छिपे होने की जानकारी मिली है। अरमान का तीन दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने उसे और मोहम्मद शाहीन को आज कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने दोनों से आगे पूछताछ के लिए रिमांड मांगा। कोर्ट ने पुलिस की दलील सुनने के बाद दोनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, अरमान से तीन दिन के रिमांड में पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ था कि वह हत्या में इस्तेमाल देसी कट्टा हरिद्वार से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस अरमान को लेकर हरिद्वार गई और वहां उस व्यक्ति की पहचान की, जिसने उसे देसी कट्टा दिया था। पुलिस ने मोहम्मद शाहीन को गिरफ्तार कर लिया। अब उससे हथियार की खरीद-फरोख्त और सप्लाई को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस बोली साहिल को गिरफ्तार करना बाकी पुलिस ने कोर्ट में बताया कि जांच के दौरान मामले में एक और आरोपी साहिल का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक वह उत्तर प्रदेश के मेरठ में छिपा हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने दलील दी कि साहिल की गिरफ्तारी के बाद हत्या की साजिश और आरोपियों की भूमिका से जुड़े कई तथ्य सामने आ सकते हैं। इसके अलावा पुलिस को अरमान और शाहीन से हथियार की खरीद, घटना से पहले संपर्क और हत्या की पूरी साजिश को लेकर पूछताछ करनी है। इन दलीलों के आधार पर कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। शादी और 10 लाख को लेकर विवाद पुलिस जांच के मुताबिक, अरमान जल्द शादी करना चाहता था। बुधवार रात उसने पिता नितिन से शादी कराने की बात कही थी। नितिन ने उसे 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद शादी करने के लिए कहा। इसके बाद अरमान ने कारोबार शुरू करने के लिए पिता से 10 लाख रुपए मांगे, लेकिन नितिन ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। मां के बीच-बचाव के बाद दोनों शांत हो गए और अपने-अपने कमरों में चले गए। हालांकि पुलिस के मुताबिक अरमान का गुस्सा शांत नहीं हुआ था। तड़के सोते पिता के सिर में मारी गोली बीते गुरुवार तड़के अरमान ने कथित तौर पर सो रहे पिता नितिन के सिर में देसी कट्टे से गोली मार दी। गोली लगने से नितिन की मौत हो गई। हत्या के बाद अरमान ने पुलिस को अलग-अलग बयान देकर गुमराह करने की कोशिश की। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने पिता की हत्या करने की बात स्वीकार की। हरिद्वार से लेकर आया था देसी कट्टा तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान अरमान ने पुलिस को बताया कि हत्या में इस्तेमाल देसी कट्टा वह हरिद्वार से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस उसे लेकर हरिद्वार पहुंची। वहां पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने मोहम्मद शाहीन को गिरफ्तार किया, जिस पर अरमान को हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। अब पुलिस शाहीन से यह पता लगाने में जुटी है कि उसने देसी कट्टा कहां से हासिल किया था और इस हथियार की सप्लाई में उसके साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। तीसरे आरोपी साहिल की भूमिका की जांच पुलिस के अनुसार जांच में साहिल का नाम भी सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस को आशंका है कि साहिल से पूछताछ के बाद हत्या से पहले आरोपियों के बीच हुई बातचीत और उनकी भूमिका के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। फिलहाल अरमान और मोहम्मद शाहीन 4 दिन के पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि पुलिस की एक टीम साहिल की तलाश में जुटी है। अब विस्तार मर्डर की पूरी कहानी पढ़िए… पुलिस हेडक्वार्टर में तैनात थे नितिन: हेड कॉन्स्टेबल नितिन (42) सेक्टर 9 में स्थित चंडीगढ़ पुलिस हेडक्वार्टर के अकाउंट ब्रांच में तैनात थे। वह परिवार के साथ सेक्टर 22 में रहते थे। नितिन मूल रूप से पंचकूला के खटोली गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी मोनिका (ASI) भी पुलिस हेडक्वार्टर में मोडस ऑपरेंडी ब्यूरो में तैनात है। उनका इकलौता बेटा अरमान है। अरमान 12वीं तक पढ़ा है रविवार को ही बेटे की सगाई कराई थी: नितिन के चचेरे भाई दिनेश ने बताया कि जीरकपुर की रहने वाली लड़की से अरमान शादी करना चाहता है। पिछले रविवार को नितिन ने अरमान की लड़की के साथ सगाई करवाई थी। सूत्रों के मुताबिक अरमान उस लड़की के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। वह लड़की 2 महीने की प्रेग्नेंट थी। पिता से जल्दी शादी करवाने पर बहस: सेक्टर 17 के पुलिस स्टेशन प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि गुरुवार रात अरमान ने पिता नितिन से इस लड़की से जल्दी शादी करवाने के लिए कहा। नितिन ने उसे 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद शादी करने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। कारोबार के लिए पैसे ने देने पर भड़का: इसी दौरान उसने पिता से सेकेंड हैंड गाड़ियों के कारोबार के लिए 10 लाख रुपए मांगे। लेकिन नितिन ने मना कर दिया। जल्दी शादी और फिर कारोबार के लिए पैसे देने से मना करने पर अरमान भड़क गया। उसने पिता से झगड़ा शुरू कर दिया। दोनों में हाथापाई। इस बीच नितिन की पत्नी वहां पहुंची और दोनों को अलग-अलग किया। पहले ही खरीद लिया था देसी कट्‌टा: इसके बाद दोनों अपने अपने कमरों में चले गए। लेकिन अरमान के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। उसने पहले ही सोच रखा था कि अगर पिता मना करेंगे तो वह उनकी हत्या कर देगा। इसके लिए उसने पहले देसी कट्‌टा खरीद रखा था। सुबह 4 बजे का अलार्म लगाया:पुलिस जांच के मुताबिक, अरमान ने अपने मोबाइल में सुबह 4 बजे का अलार्म लगाया। वह करीब 4 बजे उठा और घर की कुछ लाइटें बंद कर दीं। इसके बाद उसने देसी कट्टा निकाला। नितिन उस समय बेड पर सो रहे थे। अरमान ने सोते हुए पिता के सिर में गोली मार दी। मां का भी गला दबाने की कोशिश की: गोली लगने से नितिन गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रही उनकी पत्नी वहां पहुंचीं और शोर मचाने लगीं। इस दौरान अरमान ने मां का गला दबाने की कोशिश की। वह किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर घर से बाहर आ गईं और बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगीं। पड़ोसी मौके पर पहुंची, पुलिस बुलाई: उनकी आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। करीब 15 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंची और नितिन को अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सख्ती से पूछने पर उगला सच: वारदात के बाद अरमान मौके से फरार नहीं हुआ। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि कोई बाहरी व्यक्ति घर में आया था और उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ। दोबारा पूछताछ में उसके बयान बदल गए। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ करने पर अरमान ने पिता की हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मौके से देसी कट्टा भी बरामद किया गया है। नितिन भी माता-पिता इकलौते बेटे थे मोनिका की शिकायत पर थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। हेड कॉन्स्टेबल के चचेरे भाई दिनेश ने बताया कि नितिन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *