तीन युवकों पर राहुल शांडिल्य और उसके साथी से हमला करने का आरोप
कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती में देर रात खुले पान ठेले पर सिगरेट को लेकर हुए विवाद में जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो पास लगे CCTV कैमरे में कैद हुआ है। मारपीट में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे निजी अस्पताल में भ
.
CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, कृष्णा नगर में देर रात तक खुले पान ठेले पर सिगरेट और सामान लेने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। बताया गया कि SBS कॉलोनी निवासी राहुल शांडिल्य और उसका साथी दक्ष निराला बाइक से किसी काम से गए थे। वापस लौटते समय दोनों कृष्णा नगर के पान ठेले पर रुके और कुछ सामान मांगा।
इसी दौरान तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला नामक युवक भी वहां पहुंचे और सिगरेट मांगने लगे। सामान देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।


तीन युवकों ने पीटा, पत्थर से सिर पर हमला
विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला ने राहुल शांडिल्य और दक्ष निराला के साथ मारपीट शुरू कर दी। CCTV फुटेज में तीन युवकों द्वारा राहुल को लात-घूंसों से पीटकर सड़क पर पटकते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है।
आरोप है कि इसके बाद पत्थर से उसके सिर पर हमला करने की भी कोशिश की गई। मारपीट के दौरान पान ठेला संचालक पूरे घटनाक्रम को देखता रहा, लेकिन उसने बीच-बचाव नहीं किया।

गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती
मारपीट के बाद राहुल गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा रहा। बाद में उसके दोस्त मौके पर पहुंचे और उसे निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में एक पक्ष की ओर से राहुल शांडिल्य और दक्ष निराला हैं, जबकि दूसरे पक्ष में तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला नामक युवक बताए गए हैं। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

देर रात तक खुलने वाली दुकानों पर भी उठ रहे सवाल
इस घटना के बाद शहर की उन बस्तियों और चौक-चौराहों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जहां देर रात तक पान ठेले और अन्य दुकानों पर सिगरेट, गुटखा, डिस्पोजल और चखना जैसी सामग्री उपलब्ध रहती है। स्थानीय स्तर पर देर रात तक ऐसी दुकानों के संचालन और वहां होने वाली गतिविधियों की निगरानी को लेकर चिंता जताई जा रही है।
