Headlines

भीलवाड़ा में देर रात बिजली के खंभे में लगी आग:एक घंटे तक धमाकों के साथ निकलती रही चिंगारियां; फायरबिग्रेड ने बुझाई




भीलवाड़ा शहर के समीप वार्ड नंबर 26 बड़ी हरणी में मंगलवार रात विद्युत लाइन में स्पार्किंग के बाद बिजली के खंभे में आग लग गई। हरणी महादेव रोड स्थित तेजाजी मंदिर के पास हुए हादसे के बाद करीब एक घंटे तक खंभे से धमाकों के साथ चिंगारियां निकलती रहीं। इससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्पार्किंग की चपेट में आने से कुछ घरों के विद्युत उपकरण भी जल गए। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद विद्युत विभाग के कर्मचारी करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे। एक घंटे तक चिंगारियां निकलती रही मंगलवार रात हरणी महादेव रोड स्थित तेजाजी मंदिर के पास अचानक विद्युत लाइन में स्पार्किंग शुरू हो गई। इसके बाद बिजली के खंभे में आग लग गई। खंभे से लगातार धमाकों के साथ चिंगारियां निकलती रहीं। अचानक हुई घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्पार्किंग के कारण उपकरण जले विद्युत लाइन में हुई स्पार्किंग के कारण आसपास के कई घरों के विद्युत उपकरण भी इसकी चपेट में आ गए और जल गए। क्षेत्रवासियों के अनुसार लाइन में लगातार स्पार्किंग और आग की स्थिति बनी रहने के बावजूद समय पर विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। लोगों ने विद्युत विभाग और सिक्योर कंपनी के कार्यालय में फोन कर घटना की सूचना दी। करीब एक घंटे बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों को लोगों ने सुनाई खरी-खोटी कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने के बाद क्षेत्रवासियों ने विद्युत व्यवस्था की देखरेख में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि समय रहते बिजली बंद कर दी जाती तो आग और स्पार्किंग की स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता था। 1 घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। तब तक बिजली के खंभे से आग और चिंगारियां निकलती रहीं। हालांकि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची और बड़ा हादसा टल गया। पार्षद ने प्रदर्शन की दी चेतावनी क्षेत्रीय पार्षद शंकरलाल जाट ने घटना पर नाराजगी जताते हुए विद्युत व्यवस्था को लेकर सिक्योर कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन करने की बात कही। उन्होंने विद्युत उपकरण जलने से प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। पार्षद ने कहा कि मामले को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया जाएगा। समय पर रखरखाव नहीं होने का आरोप क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि विद्युत लाइनों और खंभों की समय पर जांच एवं रखरखाव नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने घटना की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *