![]()
हरियाणा के करनाल की नई अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के मंडी सचिव के ड्राइवर ने संदिग्ध परिस्थितियों में सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रोहताश शर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चौचड़ा गांव का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से मंगल कॉलोनी पार्ट-2 में परिवार के साथ रह रहा था। बुधवार को उसका शव मार्केट कमेटी कार्यालय के बेसमेंट स्थित रिकॉर्ड रूम में फंदे पर लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि मंडी सचिव विकास सेतिया द्वारा रोहताश को परेशान किया जा रहा था। परिवार के मुताबिक, रोहताश पिछले करीब 25 से 27 साल से ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। कल से परिवार कर रहा था फोन, नहीं मिल रहा था संपर्क
सिटी थाना के जांच अधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि रोहताश से परिवार की मंगलवार से बात नहीं हो पा रही थी। परिजन लगातार उसके मोबाइल पर फोन कर रहे थे, लेकिन फोन रिसीव नहीं हो रहा था। बुधवार को मोबाइल की लोकेशन के आधार पर परिजन उसे तलाशते हुए नई अनाज मंडी पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, बेसमेंट में रिकॉर्ड रूम के दोनों दरवाजे अंदर से बंद थे। दरवाजा खुलवाकर देखा तो अंदर रोहताश का शव फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, रिकॉर्ड रूम के दोनों दरवाजे अंदर से बंद थे। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पत्नी बोली- शुगर की बीमारी थी, कहता था सचिव बहुत परेशान करता है
रोहताश की पत्नी नीतू ने मंडी सचिव पर पति को परेशान करने का आरोप लगाया। उसने बताया कि रोहताश को शुगर की बीमारी थी। वह कई बार घर पर बताता था कि मंडी सचिव उसे काफी परेशान कर रहा है। पत्नी के मुताबिक, रोहताश की ड्यूटी अलग-अलग जगह लगाई जाती थी और उससे डबल ड्यूटी भी करवाई जाती थी। नीतू का आरोप है कि लगातार ड्यूटी बदलने और अतिरिक्त काम दिए जाने से उसका पति परेशान था। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। साले ने कहा- दो दिन पहले भी हुई थी बात, तब सचिव की शिकायत की थी
मृतक के साले ने बताया कि दो दिन पहले ही उसकी रोहताश से फोन पर बात हुई थी। उस समय भी रोहताश ने मंडी सचिव द्वारा परेशान किए जाने की बात कही थी। साले का दावा है कि मंडी का पूरा स्टाफ सचिव से परेशान था। उसने बताया कि बुधवार को रोहताश की मोबाइल लोकेशन देखने के बाद परिवार के लोग उसे तलाशते हुए नई अनाज मंडी पहुंचे।
बेसमेंट में रिकॉर्ड रूम के दोनों दरवाजे अंदर से बंद मिले। अंदर जाकर देखा तो रोहताश का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों के आधार पर भी तथ्यों की जांच की जा रही है।
Source link
करनाल में मंडी सचिव के ड्राइवर ने किया सुसाइड:बेसमेंट के रिकॉर्ड रूम में फंदे पर मिला शव; परिजनों का आरोप- सचिव करता था परेशान
