Headlines

पंचकूला में रामबिलास शर्मा से मिलने पहुंचीं BJP प्रदेशाध्यक्ष:अर्चना ने संगठन में अनुभव को बताया अमूल्य; बोलीं- कठिन वक्त में पार्टी के साथ




हरियाणा BJP की नई प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बुधवार को पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के पंचकूला स्थित आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रो. शर्मा का संगठन और हरियाणा की राजनीति में योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है तथा उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं को मिल रहा है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रो. रामबिलास शर्मा ने भाजपा की विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। वे संगठन को मजबूत करने वाले, कार्यकर्ताओं की नब्ज समझने वाले और कुशल रणनीतिकार रहे हैं। जेल जाने जैसे त्याग किए उन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के संघर्ष का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में जेल जाने जैसे उनके त्याग और संघर्ष को पार्टी हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगी।अर्चना गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य संबंधी इस कठिन समय में भाजपा परिवार पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है। इस अवसर पर प्रो. रामबिलास शर्मा और उनकी पत्नी बिमला शर्मा ने डॉ. अर्चना गुप्ता का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र झिमरिया सहित कई कार्यकर्ता और शुभचिंतक मौजूद रहे। प्रो. शर्मा ने भी अर्चना गुप्ता के स्नेह और शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। टिकट कटने के बाद सियासी गतिविधियां हुई थीं सीमित 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद प्रो. रामबिलास शर्मा लंबे समय तक पार्टी की सक्रिय राजनीति में अपेक्षाकृत कम दिखाई दिए। हालांकि, 25 जून को आयोजित आपातकाल स्मृति कार्यक्रम के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता फिर चर्चा में आई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विशेष आग्रह पर वे व्हीलचेयर पर पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे थे और कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने पार्टी की कोर ग्रुप बैठक में भी भाग लिया। अब नई प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का उनके आवास पहुंचना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि संगठन वरिष्ठ नेताओं के अनुभव को फिर से प्रमुखता दे रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *