![]()
इंदौर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक स्थान’ अभियान के तहत गुरुवार को नगर निगम ने शहर की विभिन्न सब्जी मंडियों, फ्रूट मंडियों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में बड़े स्तर पर श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाया। इसी कड़ी में चोइथराम सब्जी मंडी और फ्रूट मंडी में प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर एवं विधायक मधु वर्मा ने श्रमदान किया। दोनों ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान में मंडी के व्यापारिक संगठनों, एसोसिएशन के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने भी सहभागिता की। मंडी और आसपास का क्षेत्र स्वच्छ रखने की अपील प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर ने कहा कि जागरूक नागरिकों, सफाईमित्रों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक स्थान’ के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सार्वजनिक और व्यावसायिक क्षेत्रों की सफाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि चोइथराम सब्जी मंडी और फ्रूट मंडी जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को स्वच्छ रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। मंडी व्यापारियों और संबंधित एसोसिएशन की सहभागिता सकारात्मक पहल है। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया श्रमदान अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंडी में साफ-सफाई की। उन्होंने झाड़ू लगाने के साथ हाथों से कचरा भी उठाया। प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर, विधायक मधु वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी हाथों में झाड़ू लेकर सफाई करते नजर आए। 2 अक्टूबर को भी चलेगा स्वच्छता अभियान 2 अक्टूबर को शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों और उद्यानों में जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता से व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान और श्रमदान किया जाएगा। गुरुवार के अभियान में एमआईसी मेंबर अभिषेक शर्मा बबलू, पार्षद ओपी आर्य, अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी, एसोसिएशन के पदाधिकारी और आमजन मौजूद रहे।
Source link
इंदौर की मंडियों में जनप्रतिनिधियों ने लगाई झाड़ू, किया श्रमदान:स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चोइथराम मंडी में सफाई अभियान
