![]()
ग्रेटर फरीदाबाद में एक खंडहर पड़ी इमारत में 13 वर्षीय किशोरी और उसके 16 वर्षीय दोस्त के साथ कथित तौर पर तीन युवकों द्वारा यौन अपराध किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों बच्चे करीब एक महीने तक डर और मानसिक परेशानी के चलते परिवार से कुछ नहीं बता पाए। किशोरी की मां ने उसकी परेशानी भांपकर जब उससे बातचीत की तो घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को किशोरी ट्यूशन से निकलने के बाद अपने दोस्त से मिलने गई थी। इसी दौरान कुछ युवक उनका पीछा करते हुए खंडहरनुमा इमारत तक पहुंच गए। आरोप है कि वहां दोनों बच्चों को धमकाकर उनके साथ अपराध किया गया। किशोर ने भी अपने साथ अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने की बात पुलिस को बताई है। डर के कारण घरवालों से छिपाई घटना घटना के बाद दोनों बच्चे सामान्य व्यवहार नहीं कर पा रहे थे। करीब एक महीने तक उन्होंने परिवार के सदस्यों को भी इसकी जानकारी नहीं दी। किशोरी की मां ने जब बेटी की मानसिक स्थिति में बदलाव देखा और उससे भरोसे के साथ बात की तो उसने पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू मामले की जानकारी मिलने के बाद बीपीटीपी थाना इंचार्ज प्रदीप ने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल, आरोपितों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और बच्चों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छह युवकों के पहुंचने का आरोप परिजनों के अनुसार, घटना के दौरान पीछा करते हुए कुल छह युवक खंडहर इमारत तक पहुंचे थे। इनमें से तीन पर सीधे तौर पर अपराध में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Source link
ग्रेटर फरीदाबाद में खंडहर इमारत में नाबालिगों से दरिंदगी:ट्यूशन के बाद दोस्त से मिलने गई किशोरी, एक महीने बाद मां को बताई पूरी वारदात
