![]()
गोपालगंज के निचले इलाकों में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच सदर विधायक सुभाष सिंह राहत कार्यों को लेकर खुद मैदान में उतर गए हैं। प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए विधायक ने निजी मद से राशन की व्यवस्था की और ट्रैक्टर पर खाद्य सामग्री लादकर खुद प्रभावित इलाकों का दौरा किया। विधायक खुद ट्रैक्टर की स्टेयरिंग संभालते हुए बाढ़ के पानी से होकर दुर्गम इलाकों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पानी से घिरे परिवारों के घर-घर जाकर राहत सामग्री वितरित की। चावल, दाल, चूड़ा, गुड़, बिस्कुट, माचिस और पीने का पानी समेत जरूरी सामान लोगों को दिया गया। बाढ़ के बीच घर-घर पहुंचकर जाना हाल राहत सामग्री बांटने के दौरान विधायक ने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे अकेले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने तक जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी के निर्देश विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों में जरूरत के अनुसार राहत सामग्री पहुंचाने और लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने को कहा। पशु चारा और मेडिकल किट भी पहुंचाने की तैयारी विधायक ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए पशु चारा, मेडिकल किट और पॉलीथिन शीट्स का वितरण भी तेज किया जा रहा है। बाढ़ के कारण लोगों के सामने भोजन, पेयजल और पशुओं के चारे की समस्या को देखते हुए राहत कार्य को और विस्तार देने की बात कही गई। मुश्किल इलाकों में पहुंचे विधायक, ग्रामीणों ने सराहा पानी से घिरे उन इलाकों में पहुंचना मुश्किल था, जहां सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। ऐसे स्थानों पर विधायक के ट्रैक्टर से पहुंचने और खुद राहत सामग्री बांटने को लेकर ग्रामीणों ने सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि संकट के समय सीधे उनके बीच पहुंचकर मदद मिलने से प्रभावित परिवारों को राहत और भरोसा मिला है।
Source link
विधायक ट्रैक्टर चलाकर बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचे, घर-घर पहुंचाया राशन:गोपालगंज-फंसे परिवारों को चावल-दाल और चूड़ा दिया
