![]()
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि समाज में ऐसे बहुत से कार्य हैं, जिन्हें सरकार अकेले नहीं कर सकती। इन कार्यों को आगे बढ़ाने में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जयपुर की प्रभा खेतान फाउंडेशन इसी दिशा में लंबे समय से साहित्य, कला, संगीत, लोक कला और कलाकारों के संरक्षण के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। शेखावत ने यह बात कोलकाता में प्रभा खेतान फाउंडेशन की पहल ‘एक मुलाकात’ के तहत आयोजित विशेष कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में कला, साहित्य, सिनेमा, संगीत, रंगमंच, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई विशिष्ट हस्तियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम ने विभिन्न विधाओं से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर प्रदान किया। सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में योगदान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रभा खेतान ने सामाजिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से फाउंडेशन की नींव रखी थी। फाउंडेशन लगातार सार्थक प्रयासों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को सहेजने और संरक्षित करने में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में संस्कृति और कला की विभिन्न विधाओं को नए आयाम देने की जरूरत है। साहित्य, संगीत, कला, लोक कला और कलाकारों के संरक्षण के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी संस्थाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने प्रभा खेतान फाउंडेशन की गतिविधियों को इसी दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। ‘एक मुलाकात’ संवाद का मंच बने : संदीप भूतोड़िया इस अवसर पर राजस्थान फोरम के संस्थापक और प्रभा खेतान फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी संदीप भूतोड़िया ने कहा कि फाउंडेशन साहित्य, कला, लोक कला, बोली और भाषा के साथ कलाकारों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री का बंगाल प्रवास महत्वपूर्ण है और उम्मीद है कि ‘एक मुलाकात’ के माध्यम से कलाकारों और सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों की आवाज को एक सार्थक मंच मिलेगा। भूतोड़िया देशभर के साथ विशेष रूप से जयपुर और राजस्थान में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रहे हैं। जयपुर में उनके प्रयासों से कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित हुए हैं, जिनके जरिए शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिला। जयपुर में हुए कई प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन प्रभा खेतान फाउंडेशन के तहत संदीप भूतोड़िया द्वारा विशेष रूप से क्यूरेट किए गए ‘एन ऑथर्स आफ्टरनून’, ‘आखर’, ‘चौपाल’, ‘एक मुलाकात’, ‘कलम’, ‘किताब’, ‘लफ्ज’, ‘टेट-ए-टी’, ‘द राइट सर्किल’ और ‘द यूनिवर्स राइट्स’ जैसे कार्यक्रमों में जयपुर प्रमुख केंद्र रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से देश-विदेश के साहित्यकारों, कलाकारों और साहित्य प्रेमियों को जयपुर से जोड़ने का प्रयास किया गया है। साहित्यिक संवाद, कला प्रदर्शन और सांस्कृतिक चर्चाओं के जरिए इन कार्यक्रमों ने जयपुर के सांस्कृतिक माहौल को भी विस्तार दिया है। कार्यक्रम में अहसास वूमेन की एशा दत्ता ने स्वागत वक्तव्य दिया। शैफाली रावत अग्रवाल ने प्रभा खेतान फाउंडेशन की गतिविधियों और कार्यों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर अहसास वूमेन एवं ओडिसी नृत्यांगना डोना गांगुली तथा फाउंडेशन की कार्यकारी ट्रस्टी अनिन्दिता चटर्जी ने केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को उत्तरीय और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में एशा दत्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
Source link
शेखावत बोले- समाज में बदलाव लाने में सामाजिक-संस्थाओं की भूमिका:कहा- देश के विकास में संस्कृति-कला को नए आयाम देने की जरूरत
