![]()
हरियाणा में गुरुग्राम में CM नायब सैनी एक्शन में नजर आए। उन्होंने स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के 2 क्षेत्रीय अधिकारियों (RO) को सस्पेंड करने के आदेश दिए। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी होने के बावजूद कुछ देर में बोर्ड चेयरमैन ने सस्पेंशन लेटर जारी कर दिए। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डवलपमेंट अथॉरिटी व नगर निगम की समीक्षा बैठक में यह मामला उठा। कहा गया कि शहर में प्रदूषण रोकने में लापरवाही हो रही है और शिकायतों पर भी सुनवाई नहीं हो रही। सीएम के आदेश के बाद गुरुग्राम नॉर्थ की आरओ आकांक्षा और साउथ के आरओ मुकुल कुमार पर एक्शन हो गया। समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा भी मौजूद रहे। सिलसिलेवार जानिए, कैसे हुआ अधिकारियों का सस्पेंशन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा: सीएम नायब सैनी शुक्रवार को गुरुग्राम की विकास परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में सिटी के इंफ्रास्ट्रक्चर समेत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति, निर्माण की रफ्तार और लंबित कार्यों की जानकारी ली। एसटीवी के रखरखाव में खामियां: इसके बाद मीटिंग में पॉल्यूशन कंट्रोल के उपायों पर चर्चा शुरू हुई। यहां सीएम के सामने ही विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स (RWA) और स्थानीय लोगों की लगातार मिल रही शिकायतें रखी गईं। शिकायतों में बताया गया कि कई सोसाइटियों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के रखरखाव की व्यवस्था खराब है। एसटीपी बंद मिलने की शिकायत: सीएम को बताया गया कि बिल्डरों की ओर से STP के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। कई सोसाइटियों में एसटीपी बंद पड़े हैं और टैंकरों के जरिए गंदा पानी नालों व खाली जगहों पर डाला जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद भी RO कोई ठोस कार्रवाई नहीं करते। लापरवाही पर सीएम नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर ही दोनों अधिकारियों को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए। क्षेत्रीय अधिकारियों की जिम्मेदारी क्या? रीजनल ऑफिसर का रोल हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) के रीजनल ऑफिसर अपने निर्धारित क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण नियमों की निगरानी करते हैं। अधिकारियों की जिम्मेदारी में सीवेज और औद्योगिक गंदे पानी के ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण, सैंपलिंग, प्रदूषण मानकों की जांच और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करना शामिल है। STP की भी निगरानी STP के संचालन और उससे निकलने वाले पानी की गुणवत्ता की निगरानी भी बोर्ड करता है। बोर्ड के रिकॉर्ड के अनुसार, STP की सैंपलिंग और रिपोर्टिंग की व्यवस्था होती है। शिकायत पर क्या कार्रवाई किसी क्षेत्र में प्रदूषण की शिकायत मिलने पर उसके सोर्स की पहचान करना, मौके का निरीक्षण करना और जरूरत के अनुसार सैंपल लेना बोर्ड की जिम्मेदारी है। गुरुग्राम में दो रीजन HSPCB ने गुरुग्राम को नॉर्थ और साउथ दो जोन में बांटा है। दोनों सर्कल के ऑफिसर (आरओ) अपने निर्धारित क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मामलों की निगरानी करते हैं। दिल्ली से गुरुग्राम में कचरा लाने वाले वाहन इंपाउंड होंगे सीएम ने दिल्ली से गुरुग्राम में कूड़ा लेकर आने वाले वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ऐसे वाहनों की पहचान कर उन्हें इंपाउंड करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में बाहर से कूड़ा लाकर डालने की किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
Source link
गुरुग्राम में CM ने 2 अफसर सस्पेंड किए:छुट्टी के दिन ही लेटर जारी; पॉल्यूशन कंट्रोल में लापरवाही बरतने पर एक्शन
