Headlines

नालंदा- शराब के नशे में बदमाशों ने की फायरिंग:एक ही गोली से तीन लोग घायल, आरोपी हथियार समेत गिरफ्तार; कहा- गलती से गोली चली




नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर सबनहुआ गांव में शनिवार शाम शराब के नशे में धुत बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। दारू पीने के बाद उपजे विवाद में एक बदमाश ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक ही गोली से तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान 30 वर्षीय मुकेश बिंद, 35 वर्षीय सोहन बिंद और एक महिला सुनीला देवी के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। शराब पीने आए थे बदमाश, शाम 6 बजे कर दी फायरिंग घटना के संबंध में घायल मुकेश बिंद ने बताया कि आरोपी दोपहर 2 बजे से ही गांव में शराब पी रहे थे और नशे में हंगामा कर रहे थे। शाम करीब 6 बजे वे हथियार लेकर आए। मुकेश ने कहा कि हम लोग अपने घर के पास रास्ते पर बैठे हुए थे। हमारा उनसे कोई विवाद नहीं था। एक बदमाश ने आते ही अचानक गोली चला दी। पहली गोली ऊपर छोड़ी और दूसरी गोली हम लोगों की तरफ दाग दी। एक ही गोली से हम तीनों लोग घायल हो गए। मुकेश की पत्नी मीना देवी ने भी बताया कि उनके पति मछली बेचते हैं और वे बस वहां खड़े थे, तभी शराबियों के झगड़े में उन्हें गोली लग गई। एक पैर से दूसरे, फिर महिला को छूकर तीसरे को लगी फायरिंग की यह घटना बेहद अजीबोगरीब थी, जहां एक ही गोली ने तीन लोगों को अपना निशाना बनाया। चश्मदीदों और घायलों के अनुसार, बदमाश की ओर से चलाई गई गोली सबसे पहले रास्ते पर खड़े सोहन कुमार के पैर में लगी। इसके बाद गोली वहां खड़ी सुनीला देवी नाम की महिला के पैर को छूते हुए निकली और अंत में मुकेश बिंद के पैर में जा धंसी। इस तरह एक ही झटके में तीन लोग लहूलुहान होकर गिर पड़े। आरोपी की गुहार- ‘गलती से चल गई गोली, मुझे छोड़ दो’ घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। घायल मुकेश की पत्नी मीना देवी ने बताया कि जब गोली चल गई और लोग घायल हो गए, तो आरोपी पैर पकड़कर गिड़गिड़ाने लगा। वह कहने लगा कि मुझसे गलती से गोली चल गई है, मुझे छोड़ दो, इलाज का जितना भी खर्चा होगा मैं दे दूंगा। घायल सोहन कुमार ने भी पुलिस को बताया कि अचानक गली से निकलकर बदमाश ने बिना किसी विवाद के सीधे फायर कर दिया। पुलिस ने आरोपी टिंकू यादव को किया गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी टिंकू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि सोहन बिंद को गोली लगी है जबकि अन्य को गोली का छींटा लगा है। गिरफ्तार आरोपी टिंकू आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *