![]()
मुरैना की बरसात का सीजन खत्म होते ही चंबल नदी में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खतरा बढ़ गया है। सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद जिला टास्क फोर्स ने भी निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल रविवार देर शाम पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों के साथ चंबल के संवेदनशील घाटों पर पहुंचे। टीम ने देर रात तक घाटों पर निगरानी की। इन संवेदनशील घाटों पर पहुंची टीम
अधिकारियों ने राजघाट, रहू घाट, गडौरा घाट, रिठौरा घाट, कुठियाना और चिन्नानी समेत चंबल नदी से जुड़े कई संवेदनशील घाटों का निरीक्षण किया। राजघाट नेशनल हाईवे-44 से जुड़ा होने के कारण विशेष निगरानी वाले क्षेत्रों में शामिल है। अधिकारी देर रात तक घाटों पर मौजूद रहे। टीम का उद्देश्य रेत के अवैध उत्खनन के लिए आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ना और मौके पर अवैध गतिविधियों की स्थिति देखना था। रातभर इंतजार, नहीं पहुंची रेत की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां
पुलिस और वन विभाग की टीम के घाटों पर पहुंचने के बाद रेत उत्खनन के लिए कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं पहुंची। मौके पर भी अवैध उत्खनन से जुड़ी कोई स्पष्ट गतिविधि या ताजा निशान नहीं मिले। हालांकि, इसके बावजूद शहर में लगातार पहुंच रही रेत की ट्रॉलियां अधिकारियों के लिए चुनौती बनी हुई हैं। सवाल यह है कि यदि घाटों पर उत्खनन नहीं हो रहा तो शहर में पहुंच रही रेत कहां से और किन डंपिंग क्षेत्रों से आ रही है। अब टास्क फोर्स इन डंपिंग एरिया और रेत के परिवहन वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी में है। 16 नई वन चौकियों का निर्माण, 24 घंटे होगी निगरानी
डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल ने बताया कि चंबल के संवेदनशील घाटों पर अवैध रेत उत्खनन रोकने के लिए 16 नई वन चौकियों का निर्माण कराया जा रहा है। इन चौकियों पर वन विभाग के कर्मचारियों के साथ एसएएफ का सशस्त्र बल तैनात रहेगा। चौकियों पर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था रहेगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस की मदद से भी निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की बात कही गई है। रात में बढ़ाई गश्त, संदिग्ध वाहनों की होगी चेकिंग
एसपी धर्मराज मीना ने कहा कि चंबल नदी में किसी भी स्थिति में अवैध रेत उत्खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी संबंधित थाना प्रभारियों और चेकपोस्ट प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। यदि किसी वाहन में अवैध रेत या अन्य गैरकानूनी गतिविधि मिलती है तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर कार्रवाई करने को कहा गया है। लगातार दूसरे दिन घाटों पर पहुंचे अधिकारी
चंबल में अवैध रेत उत्खनन रोकने के लिए पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम लगातार सक्रिय है। एसपी धर्मराज मीना और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल पिछले दो दिनों से रात में विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से रेत के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में भी हड़कंप की स्थिति है।
Source link
चंबल में रेत उत्खनन पर टास्क फोर्स की रातभर निगरानी:SP-DFO ने संवेदनशील घाटों का किया निरीक्षण, 16 नई चौकियों से 24 घंटे होगी देखरेख
