![]()
अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही पर्यटन नगरी कसौली में सैलानियों की रौनक लौट आई है। वीकेंड पर शुक्रवार से रविवार तक करीब 4 हजार पर्यटक वाहनों ने कसौली छावनी क्षेत्र में प्रवेश किया। होटलों में करीब 95% ऑक्यूपेंसी रही। बारिश के बाद बदले मौसम, पहाड़ियों पर छाई हरियाली और ठंडी हवाओं ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया। रविवार को मौसम साफ रहा। सुबह से ही माल रोड, गिल्बर्ट ट्रेल, सनसेट प्वाइंट और अन्य पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ नजर आई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में पर्यटक कसौली पहुंचे। कई पर्यटक शिमला, कुफरी और चायल की ओर जाते हुए कसौली में भी रुके। पर्यटकों ने कहा- अक्टूबर में कसौली का मौसम बेहतरीन
बारिश के बाद कसौली के तापमान में आई गिरावट और साफ मौसम ने वीकेंड का मजा दोगुना कर दिया। पर्यटकों ने ठंडी हवाओं के बीच पहाड़ी नजारों का आनंद लिया। सैलानियों का कहना था कि अक्टूबर में कसौली का मौसम न ज्यादा गर्म है और न ज्यादा ठंडा, इसलिए परिवार के साथ घूमने के लिए यह बेहतर समय है। होटल-रेस्टोरेंट से टैक्सी कारोबार तक फायदा
पर्यटकों की बढ़ी संख्या का सीधा फायदा स्थानीय पर्यटन कारोबार को मिला। होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और दुकानदारों के कारोबार में तेजी आई। होटल व्यवसायियों को उम्मीद है कि अक्टूबर के दौरान मौसम इसी तरह सुहावना रहा तो आने वाले वीकेंड पर भी अच्छी संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे। गढ़खल व कसौली में वाहनों का दबाव
पर्यटकों की भारी आवाजाही के कारण गढ़खल बाजार में कई बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। पांच दिशाओं से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने से संकरी सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम में फंसकर परेशानी का सामना करना पड़ा। 95% बुकिंग से कारोबारियों के चेहरे खिले
कसौली होटल एसोसिएशन के सचिव गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वीकेंड पर होटल कारोबार अच्छा रहा। तीन दिनों में करीब 95% कमरे बुक रहे। अक्टूबर के सुहावने मौसम को देखते हुए आने वाले दिनों में भी पर्यटन कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है।
Source link
कसौली में लौटी सैलानियों की रौनक:होटलों में 95% ऑक्यूपेंसी, 3 दिन में पहुंचे 4 हजार वाहन; बारिश से मौसम बदला
