![]()
अंबाला के सुल्तानपुर स्थित दशमेश नगर में सोमवार शाम पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों के साथ तलवार और कृपाण से भी हमला किया गया। झड़प में दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हो गए। घायलों को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक पक्ष के 2 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। रेफर किए गए घायलों की पहचान लुधियाना निवासी फतेह सिंह और संदीप के रूप में हुई है। वहीं दूसरे पक्ष से दशमेश कॉलोनी निवासी सतनाम सिंह, कंवलजीत और राजीव घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि लुधियाना से आया पक्ष पैसों के लेन-देन को लेकर रकम लेने के लिए यहां पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुरानी रंजिश को लेकर चल रहा था विवाद जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि इस दौरान तलवार और कृपाण भी निकाली गई। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति संभाली। घायलों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत, घायलों की मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अंबाला में पैसों के लेन-देन को लेकर 2 पक्ष भिड़े:लाठी-डंडे, तलवार और कृपाण चली; 5 घायल, 2 PGI रेफर
