![]()
मोतिहारी में शराब तस्कर के साथ बर्थडे पार्टी मनाने की एक साल पुरानी तस्वीर वायरल होने के बाद पिपरा थाने के थानाध्यक्ष और दरोगा पर गाज गिरी है। सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल फोटो में थानाध्यक्ष सतीश कुमार और दरोगा बिपिन सिंह शराब तस्कर बिट्टू कुमार को केक खिलाते नजर आए। तस्वीर एसपी स्वर्ण प्रभात तक पहुंची तो उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई। जांच में फोटो 15 अगस्त 2025 की सामने आई। इसके बाद एसपी ने मंगलवार को दोनों पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस के अनुसार बिट्टू के खिलाफ पहले से शराब तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। ऐसे व्यक्ति के साथ पुलिस पदाधिकारियों की नजदीकी वाली तस्वीर सामने आने के बाद उनके आचरण पर सवाल खड़े हुए। 15 अगस्त 2025 को हुई थी पार्टी, अब वायरल हुई फोटो जांच में सामने आया कि वायरल हो रही तस्वीर हाल की नहीं, बल्कि 15 अगस्त 2025 को हुई बर्थडे पार्टी की है। विभागीय जानकारी के अनुसार सतीश कुमार ने 4 अगस्त 2025 को पिपरा थाने में एसआई के रूप में योगदान दिया था। योगदान के बाद उनके कार्य को देखते हुए उन्हें अपर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। बताया जा रहा है कि पिपरा थाने में तैनात एक सिपाही के कहने पर सतीश कुमार और दरोगा बिपिन कुमार बिट्टू कुमार की बर्थडे पार्टी में पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों की बिट्टू के साथ तस्वीर खींची गई थी। उस समय यह तस्वीर सामने नहीं आई थी। अब सोशल मीडिया पर इसके वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस रिकॉर्ड में शराब तस्करी के दो केस बर्थडे पार्टी में जिस युवक के साथ पुलिस अधिकारियों की तस्वीर सामने आई, उसकी पहचान बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। वह पिपरा थाना क्षेत्र के महारानी गांव निवासी दिनेश कुमार मिश्रा का पुत्र है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बिट्टू कुमार के खिलाफ शराब तस्करी से जुड़े दो मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें पिपरा थाना कांड संख्या-304/24 और गोपालगंज उत्पाद थाना कांड संख्या-167/20 शामिल हैं। दोनों मामले उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज किए गए हैं। यानी जिस युवक के साथ पुलिस अधिकारियों की तस्वीर सामने आई, वह पुलिस रिकॉर्ड में शराब तस्करी के मामलों का आरोपी रहा है। इसी वजह से तस्वीर सामने आने के बाद मामला सामान्य मुलाकात से आगे बढ़कर पुलिस अधिकारियों के आचरण से जुड़ा माना गया। एसपी बोले- पुलिस की छवि और गरिमा प्रभावित हुई तस्वीर सामने आने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रारंभिक जांच में दोनों पुलिस पदाधिकारियों का आचरण विभागीय अनुशासन और स्थापित नियमों के विपरीत पाया गया। इसके बाद दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एसपी के अनुसार पुलिस पदाधिकारियों का इस तरह शराब तस्करी के मामलों में आपराधिक इतिहास रखने वाले व्यक्ति के साथ सार्वजनिक रूप से घुलना-मिलना उचित नहीं है। इससे शराब तस्करों का मनोबल बढ़ने की स्थिति बन सकती है। साथ ही आम लोगों में पुलिस के प्रति अविश्वास और असंतोष की भावना भी पैदा हो सकती है। एसपी ने माना कि इस तरह का आचरण पुलिस विभाग की छवि, गरिमा और अनुशासन को प्रभावित करता है। इसी आधार पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होते ही विभाग में मचा हड़कंप बर्थडे पार्टी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से पुलिस विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा। तस्वीर में पुलिस की वर्दी में मौजूद पदाधिकारी शराब तस्करी के आरोपी युवक के साथ सहज अंदाज में दिखाई दे रहे थे। एक तस्वीर में केक खिलाने का दृश्य भी था। इसके बाद सोशल मीडिया पर पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे। मामले की जानकारी एसपी तक पहुंचने के बाद तस्वीर और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कराई गई। जांच में तस्वीर पुरानी यानी 15 अगस्त 2025 की होने की जानकारी सामने आई। हालांकि, तस्वीर पुरानी होने के बावजूद उसमें दिखाई दे रहे पुलिस अधिकारियों के आचरण को गंभीर माना गया। कार्रवाई से पुलिस महकमे में सख्त संदेश इस मामले में दोनों अधिकारियों के निलंबन को पुलिस विभाग में अनुशासन को लेकर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के लिए किसी ऐसे व्यक्ति से सार्वजनिक नजदीकी रखना सवालों के घेरे में आ सकता है, जिसका आपराधिक इतिहास दर्ज हो। एसपी की कार्रवाई से यह संदेश दिया गया है कि पुलिस पदाधिकारी चाहे किसी भी स्तर पर हों, उनका आचरण विभाग की गरिमा और नियमों के अनुरूप होना चाहिए। खासकर शराब तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे पुलिस विभाग में शराब तस्करी के मामलों में आरोपी व्यक्ति के साथ इस तरह की तस्वीर सामने आने को गंभीरता से लिया गया। फिलहाल दोनों पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
Source link
शराब तस्कर की बर्थडे पार्टी में पहुंचे थानेदार-दरोगा:मोतिहारी SP ने किया निलंबित, तस्कर के साथ केक काटकर खिलाने की तस्वीर वायरल
