![]()
कोटा के भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में सिटी बस और बाइक की टक्कर में 26 साल के युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। रास्ते से गुजर रहे युवक ने उसे हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसा सोमवार शाम रंगपुर पुलिया पर नगर निगम द्वारा चलाई जा रही सिटी बस से हुआ। मृतक की पहचान नंदाजी बाड़ी, खेड़ली फाटक निवासी धीरज कुमार वर्मा के रूप में हुई है। मृतक के पिता हरलाल ने बताया कि वह कारीगरी का काम करता था। सोमवार को वह रोटेदा रोड से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। शाम करीब 4 बजे रंगपुर पुलिया पर सामने से आ रही बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में धीरज के सिर में गंभीर चोट लगी।
एक राहगीर ने धीरज को ऑटो की मदद से एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक धीरज की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को मोर्च्युरी में रखवाया। पिता ने कहा कि बस ड्राइवर की लापरवाही से हादसा हुआ। परिजनों की मांग है कि नगर निगम की ओर से परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। पिता ने कहा कि मांगें पूरी होने के बाद ही वे पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए सहमत होंगे। बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज भीमगंजमंडी थाने में बस ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थानाधिकारी रामविलास मीणा ने बताया कि सोमवार शाम बस की बाइक से टक्कर में युवक की मौत हुई है। परिजन फिलहाल पोस्टमॉर्टम करवाने से मना कर रहे हैं। उनकी मांगों को लेकर निगम अधिकारियों और ठेकेदार से बातचीत चल रही है। बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
Source link
कोटा में बस की टक्कर से युवक की मौत:मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन, पोस्टमार्टम से इनकार; ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज
