Headlines

टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से भरी लिफ्ट नीचे गिरी:6 लोग थे सवार; सेंसर ने काम नहीं किया, अधिकारी बोले- ओवरवेट से गिरी




टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत दो महीने पहले लगाई गई 90 लाख रुपए की लिफ्ट सोमवार रात 11 बजे अचानक नीचे गिर गई। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर बनी यह लिफ्ट ऊपर उठते ही करीब 5 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गिरी। मंगलवार दोपहर ललतिपुर से रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के वक्त लिफ्ट में 6 से ज्यादा यात्री मौजूद थे, जो प्लेटफॉर्म-2 से प्लेटफॉर्म-1 पर जाने के लिए लिफ्ट में चढ़े थे। यात्री प्रियम जैन, संदीप यादव, अभिषेक यादव और मनोज कुमार के मुताबिक, लिफ्ट अचानक नीचे गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। लिफ्ट नीचे लगे बफर स्प्रिंग में करीब 1 फीट नीचे जाकर फंस गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। अमृत भारत योजना के तहत टीकमगढ़ स्टेशन पर करीब 13 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं, जिनका वर्चुअली लोकार्पण 17 जुलाई को प्रधानमंत्री ने किया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे। दो महीने में ही लिफ्ट गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ओवरलोडिंग से हादसा, सेंसर अलार्म ने नहीं किया काम घटना की सूचना मिलने पर ललितपुर से सीनियर सेक्शन इंजीनियर (SSE) पुरुषोत्तम मीणा जांच के लिए टीकमगढ़ पहुंचे। ललितपुर में पदस्थ सीनियर सेक्शन इंजीनियर (SSE) पुरुषोत्तम मीणा ने कहा- “क्षमता से अधिक भार होने (ओवरवेट) के कारण लिफ्ट नीचे गिरी। इस दौरान ओवरलोड का सेंसर अलार्म काम नहीं कर पाया। जांच के बाद अब लिफ्ट दुरुस्त कर दी गई है और वह सही तरीके से काम कर रही है।”— दूसरी ओर, यात्रियों ने लिफ्ट की क्षमता, सेंसर, ब्रेकिंग सिस्टम और सुरक्षा मानकों की तकनीकी जांच कराने और निर्माण करने वाली जिम्मेदार एजेंसी पर कार्रवाई की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *