Headlines

मिर्जापुर में सपा ने कांशीराम की पुण्यतिथि मनाई:वक्ताओं ने उनके अधूरे मिशन को पूरा करने का संकल्प लिया




मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी की ओर से शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में बहुजन आंदोलन के प्रमुख नेता कांशीराम की पुण्यतिथि मनाई गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कांशीराम के संघर्ष, सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण और वंचित वर्गों को राजनीतिक रूप से जागरूक करने में उनके योगदान को याद किया। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि कांशीराम निःस्वार्थ राजनीति और सामाजिक परिवर्तन के पर्याय थे। 15 मार्च 1934 को पंजाब के रोपड़ में जन्मे कांशीराम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित होकर सामाजिक और जातीय भेदभाव के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़कर अपना जीवन वंचित, शोषित और दलित वर्गों में सामाजिक एवं राजनीतिक चेतना जगाने के लिए समर्पित कर दिया। उनका उद्देश्य शोषित समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक कर राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना था। बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव राजेश भारती ने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई करने वाले कांशीराम ने अविवाहित रहते हुए अपना पूरा जीवन दलित, वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान तथा राजनीतिक आंदोलन को समर्पित कर दिया। राजेश भारती ने कहा कि कांशीराम के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके अधूरे मिशन को आगे बढ़ाने के लिए समाजवादी पार्टी को मजबूत करना और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना आवश्यक है। गोष्ठी का संचालन जिला महामंत्री आदर्श यादव ने किया। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट सुरेंद्र सिंह पटेल, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, झल्लू यादव, शैलेश पटेल, बलराम यादव, रवि सोनकर, रामजी यादव, अनुराग तिवारी, सभासद राकेश यादव, सभासद विनोद यादव, श्याम सुंदर सोनकर, आकाश यादव, श्याम अचल यादव, रमाकांत, मनीष यादव और बृजलाल मौर्य सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *