सोनीपत5 घंटे पहलेलेखक: राम सिंहमार
- कॉपी लिंक

जानवी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है। इनसेट में उसकी मां रामेश्वरी की फाइल फोटो।
सोनीपत के रामेश्वरी उर्फ बबीता हत्याकांड में आरोपी इन्फ्लुएंसर बेटी जानवी ने विशाल के व्यवहार, शादी की जिद और अपनी मां के साथ उसके संबंधों को लेकर कई बातें साझा की हैं। जानवी के मुताबिक विशाल सनकी था और उसने गुस्से में एक बार अपनी उंगली में करंट तक लगा लिया था। वह अपने परिवार और दोस्तों के सामने कहता था कि शादी करेगा तो सिर्फ जानवी से, वरना किसी से नहीं।
इसके साथ ही जानवी ने दावा किया कि उसकी मां रामेश्वरी ने दोनों का गोत्र एक ही होने के कारण शादी से इनकार कर दिया था। इस बीच, जानवी ने शुक्रवार को जांच अधिकारी संजीव को अपना मोबाइल फोन सौंप दिया है। दूसरी ओर, उसने सीसीटीवी (CCTV) में सुनाई देने वाली आवाजों की टाइमिंग और पुलिस की एफआईआर (FIR) में दर्ज हत्या के समय के बीच अंतर होने की बात भी कही है।
3 अक्टूबर को हुई रामेश्वरी की हत्या का आरोप उनके साथ रहने वाले विशाल पर है। पुलिस के अनुसार, उसने पहले रामेश्वरी का गला दबाया और फिर इसे हादसा साबित करने के लिए उनके हाथ पर करंट लगा दिया। पुलिस विशाल को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि विशाल का दावा है कि इस साजिश में जानवी भी शामिल थी, लेकिन पुलिस को अब तक जानवी के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं।

विशाल उसी घर में किराए पर रहता था जिसमें जानवी और उसकी मां रामेश्वरी रहती थीं।
2 और 3 अक्टूबर की CCTV टाइमलाइन पर जानवी ने उठाए सवाल
जानवी के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे जन्मदिन की पार्टी के लिए पानीपत जाने के बाद विशाल लगभग एक मिनट के लिए घर से बाहर निकला और बाहर बने पार्क में जाकर वापस आ गया। वहीं, 3 अक्टूबर को पुलिस की FIR में हत्या का समय सुबह 5:30 बजे दर्ज है। जानवी का कहना है कि सुबह 5:38 बजे उसकी मां ने चाय बनाई थी। सुबह 5:45 बजे सीसीटीवी में पालतू कुत्ते ‘कोको’ के तेज भौंकने की आवाज़ सुनाई देने का दावा है, जबकि सुबह 5:50 बजे बर्तन धोने की आवाज़ सुनाई दे रही थी।
जानवी के मुताबिक, सुबह 6:00 बजे के आसपास कुछ गिरने और घसीटने जैसी आवाज़ें सुनाई दीं। वहीं, सुबह 6:04 बजे विशाल अपने कमरे में किसी से फोन पर बात करता हुआ सुनाई दे रहा था। जानवी का दावा है कि सीसीटीवी में सुनाई देने वाली आवाज़ों की टाइमिंग और FIR में दर्ज हत्या के समय का मिलान नहीं हो रहा है।
IO ने कहा- विशाल ने तुम्हारे खिलाफ गवाही दी है
जानवी ने बताया कि शुक्रवार को वह सेक्टर-27 थाने पहुंची और जांच अधिकारी (IO) संजीव को अपना मोबाइल फोन सौंप दिया। उसके मुताबिक, इस दौरान IO ने दोबारा उससे कहा कि विशाल ने उसके खिलाफ गवाही दी है और दावा किया है कि दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। हालांकि, थाने में विशाल से कई बार आमना-सामना होने के बावजूद उसने जानवी के सामने कभी यह स्वीकार नहीं किया कि दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई थी।

3 अक्टूबर को घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में विशाल रामेश्वरी को बाहर लेकर जाता हुआ दिखाई दिया।
गुस्से में विशाल ने उंगली में लगा लिया था करंट
जानवी के मुताबिक, साल 2025 में उसकी एक सहेली (फ्रेंड) घर आई हुई थी। उसकी सहेली का एक युवक के साथ रिश्ता तय हुआ था और वह युवक विशाल के संपर्क में था। विशाल यह बात जानता था कि वह युवक उसकी सहेली का मंगेतर है। एक बार जब जानवी घर पर नहीं थी, तब उसकी सहेली और विशाल घर पर अकेले थे। इस दौरान विशाल उसी युवक से जानवी की सहेली के बारे में बातें कर रहा था। बाद में सहेली ने यह बात जानवी को बता दी।
जानवी के अनुसार, जब उसने विशाल से इस बारे में पूछा, तो उसने बात करने से इनकार कर दिया। इस पर जानवी नाराज़ हो गई और उसने विशाल से कहा कि वह झूठ बोलने वाले लोगों से बात नहीं करती। इसके कुछ ही देर बाद विशाल ने गुस्से में आकर अपनी उंगली में बिजली का करंट लगा लिया था।
मां ने विशाल को समझाया- तुम दोनों का गोत्र समान है
जानवी ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उसकी मां रामेश्वरी ने उसे अलग बैठाकर पूछा था कि वह क्या चाहती है। इस पर जानवी ने कहा कि मां को जो ठीक लगेगा, वह वही कदम उठाएगी। इसके बाद उसकी मां ने विशाल को भी समझाया था कि दोनों का गोत्र एक ही है और वह उसे बेटे की तरह मानती हैं, इसलिए उन दोनों की शादी नहीं हो सकती।
जानवी के अनुसार, विशाल के घरवाले भी उसकी शादी कराना चाहते थे और उससे इसके लिए कहते थे, लेकिन विशाल अपने परिवार और जानवी की सहेली के सामने यही कहता था कि वह शादी करेगा तो सिर्फ जानवी से ही करेगा, अन्यथा किसी से नहीं करेगा। बाद में विशाल के परिवार ने भी उसे शादी के लिए कहना छोड़ दिया था।

पुलिस विशाल को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।
रास्ते में कोई देखता तो विशाल करता था मारपीट
जानवी ने बताया कि जब वह अपनी मां, सहेली और विशाल के साथ शॉपिंग के लिए गुरुग्राम, फरीदाबाद या दिल्ली जाती थी, तब रास्ते में अगर कोई व्यक्ति उसकी तरफ देख लेता था, तो विशाल उस व्यक्ति के साथ मारपीट करने लगता था। ऐसा कई बार हुआ। उसकी सहेली कई बार विशाल से कह चुकी थी कि जब जानवी उससे शादी नहीं करना चाहती, तो वह उसके पीछे क्यों पड़ा है? इस पर विशाल कहता था कि जानवी कहीं भी शादी कर ले, उसे कोई दिक्कत नहीं है।
मां चाहती थीं कि बेटी अपना सपना पूरा करे
जानवी ने बताया कि ऑनलाइन क्लॉथिंग (कपड़ों का) कारोबार शुरू करना उसकी मां का सपना था। रामेश्वरी चाहती थीं कि उनकी बेटी जिस क्षेत्र में करियर बनाना चाहती है, उसमें उसे पूरा सहयोग मिले। जानवी के मुताबिक, वह वर्ष 2027 में सोनीपत के सुभाष चौक पर अपनी सहेली के साथ पार्टनरशिप में वेस्टर्न क्लॉथिंग का बड़ा शोरूम खोलना चाहती थी। इसके लिए दोनों ने 25 से 30 लाख रुपये का बजट तय किया था। उसकी मां ने इस कारोबार के लिए आधी रकम देने की सहमति भी दे दी थी।
———————-
रामेश्वरी हत्याकांड से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…

