![]()
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शुक्रवार रात सड़क हादसे में कथावाचक पंडित रोहित नागर गंभीर घायल हो गए। उन्हें कामखेड़ा सरकार के नाम से भी जाना जाता है। हादसा जीरापुर रोड पर शिवधाम कॉलोनी के पास हुआ, जहां पैदल टहल रहे रोहित नागर को पीछे से आई बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वे करीब 10 फीट दूर जाकर गिरे और बेहोश हो गए। उनके सिर, चेहरे और हाथ-पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब 12:30 बजे उन्हें राजस्थान के झालावाड़ रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद लोगों ने एक बाइक सवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक मौके से भाग गया। जानकारी के अनुसार, पंडित रोहित नागर शुक्रवार रात शिवधाम कॉलोनी से पैदल टहलते हुए तहसील चौराहे की ओर जा रहे थे। वे सड़क से नीचे की तरफ चल रहे थे। इसी दौरान जीरापुर की ओर से खिलचीपुर आ रही बाइक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रोहित नागर उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरे और बेहोश हो गए। बाइक सवार भी संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने अपने वाहन रोके और घायल कथावाचक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर उनके अनुयायी भी देर रात तक अस्पताल पहुंचते रहे। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झालावाड़ रेफर कर दिया। शराब पार्टी कर लौट रहे थे बाइक सवार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बाइक सवार भगवान वर्मा निवासी राजपुरा को पकड़कर खिलचीपुर पुलिस के हवाले कर दिया। गिरने से उसे भी हल्की चोट आई है। भगवान वर्मा का कहना है कि बाइक पर उसके साथ राकेश वर्मा भी सवार था, जो हादसे के बाद मौके से भाग गया। भगवान वर्मा के मुताबिक, दोनों जीरापुर की ओर से खिलचीपुर आ रहे थे। उसने दावा किया कि वे नॉनवेज और शराब की पार्टी के बाद लौट रहे थे। उसने खुद और अपने साथी के शराब पीने की बात भी कही। हालांकि, हादसे के समय बाइक कौन चला रहा था और चालक नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
Source link
खिलचीपुर में कथावाचक रोहित नागर को बाइक ने मारी टक्कर:10 फीट दूर उछले, सिर-चेहरे पर गंभीर चोटें, झालावाड़ रेफर; एक आरोपी पकड़ा गया
