![]()
पनामा में 7.6 तीव्रता के भूकंप के दौरान एक शख्स जान की परवाह किए बिना शराब की बोतलें बचाता नजर आया। भूकंप के झटकों से दुकान का सामान हिलने लगा, लेकिन वह बोतलों को संभालने में जुटा रहा। भूकंप के बाद भी धरती 100 से ज्यादा बार कांपी। इस दौरान इमारतों को नुकसान पहुंचा और लोग जान बचाने के लिए मॉल और दफ्तरों से बाहर भागते नजर आए। पनामा में आए भूकंप से जुड़ी 3 तस्वीरें USGS ने शुरुआत में इसकी तीव्रता 8.0 बताई थी अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप समुद्र में पनामा के दक्षिणी तट के पास आया। इसका केंद्र राजधानी पनामा सिटी से करीब 200 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। भूकंप जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। USGS ने शुरुआत में इसकी तीव्रता 8.0 बताई थी, जिसे बाद में घटाकर 7.6 कर दिया गया। राष्ट्रपति राउल मुलिनो ने शुक्रवार शाम तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं होने की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन जारी है। चर्च का घंटाघर गिरा, सड़कों पर आईं दरारें पनामा की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, वेरागुआस, हेरेरा और लॉस सैंटोस समेत कई प्रांतों में नुकसान हुआ। पेनोनोमे शहर में एक चर्च का घंटाघर गिर गया और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं। वेरागुआस में सड़कों पर दरारें आने की खबरें भी सामने आईं। नागरिक सुरक्षा सेवा के अधिकारी ओमार स्मिथ के मुताबिक, कई लोग घायल हुए हैं। इनमें एक व्यक्ति पेनोनोमे में मलबे की चपेट में आने से घायल हुआ। पेनोनोमे में भूकंप के दौरान गाड़ियां और पेड़ हिलते नजर आए। सुनामी का अलर्ट जारी हुआ, बाद में हटाया गया भूकंप के बाद मध्य और दक्षिण अमेरिका के कई तटीय इलाकों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया। पनामा, कोस्टा रिका, अल सल्वाडोर, पेरू, मैक्सिको, ग्वाटेमाला, निकारागुआ, कोलंबिया और इक्वाडोर के तटीय क्षेत्रों में संभावित खतरे की चेतावनी दी गई। पनामा स्थित अमेरिकी दूतावास ने लोगों को चेतावनी दी कि भूकंप के बाद ऐसे झटके आ सकते हैं, जो और नुकसान पहुंचा सकते हैं। तटीय इलाकों में समुद्र की तेज धाराओं और अचानक उठने वाली लहरों से भी सावधान रहने को कहा गया। एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, बाद में पनामा, कोलंबिया, इक्वाडोर, निकारागुआ और ग्वाटेमाला के तटों के लिए सुनामी की चेतावनी हटा ली गई। अल सल्वाडोर और चिली के ईस्टर आइलैंड के लिए जारी अलर्ट भी हटा दिए गए। पनामा यूनिवर्सिटी के नेस्टर लुके ने बताया कि इस्ला कानास और लॉस सैंटोस के दक्षिणी तट के पास 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका थी। इस्ला कानास में समुद्र का पानी कुछ घरों तक पहुंचने की खबर भी सामने आई। एयरपोर्ट कुछ घंटे बंद रहा, पनामा नहर पर काम जारी भूकंप के बाद जांच के लिए राजधानी की दो मेट्रो लाइनें बंद कर दी गईं। स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई। टोकुमेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुछ घंटों के लिए बंद रखा गया। शुक्रवार दोपहर बाद एयरपोर्ट पर उड़ानें फिर शुरू हो गईं। पनामा नहर में जहाजों की आवाजाही पर भूकंप का असर नहीं पड़ा। नहर का काम सामान्य रूप से चलता रहा। हालांकि, भूकंप से कहीं नुकसान तो नहीं हुआ, इसकी जांच के लिए टीमें तैनात की गईं। भूकंप के कारण छह प्रांतों में भी बिजली की सप्लाई रुक गई थी। 43 हजार लोग गंभीर झटकों के खतरे वाले इलाकों में रहते हैं USGS के अनुमान के मुताबिक, पनामा में करीब 43 हजार लोग ऐसे इलाकों में रहते हैं, जहां भूकंप के गंभीर या उससे भी तेज झटके महसूस किए जा सकते हैं। एजेंसी ने भूकंप से संभावित आर्थिक नुकसान देश की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के 1% से 10% तक होने का अनुमान भी लगाया। यह शुरुआती आकलन है, वास्तविक नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। ——————– यह खबर भी पढ़ें… अमेरिका में फ्लोरिडा के तट से टकराया इसायस तूफान: 170 किमी की रफ्तार से हवाएं चल रहीं अमेरिका के मेक्सिको की खाड़ी से लगे तटीय इलाकों में शुक्रवार को इसायस तूफान टकराया। फ्लोरिडा और अलबामा में 170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। पूरी खबर पढ़ें…
Source link
भूकंप में जान दांव पर लगाकर शराब की बातलें बचाईं:पनामा में 7.6 तीव्रता का भूकंप, अब तक 100 से ज्यादा बार धरती कांपी
