Headlines

हांसी में गंदगी-दूषित पानी और बेसहारा पशुओं से परेशान लोग:बोले- कैंपर मंगवाकर बुझा रहे प्यास, अध्यक्ष ने कहा- जल्द अलॉट होगा टेंडर




हांसी शहर के वार्ड-1 में चार कुतुब गेट स्थित दरगाह के सामने शनिवार शाम को वार्डवासियों ने सफाई व्यवस्था, सीवरेज और बेसहारा पशुओं की समस्या को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए। समाजसेवी सन्नी इलाहाबादी और वार्ड-6 निवासी मोनू संधू ने भी लोगों की समस्याओं को उठाते हुए नगर परिषद से जल्द समाधान की मांग की। वार्ड निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी राजकुमार कांगड़ा ने कहा कि वार्ड में सफाई व्यवस्था बदहाल है और बेसहारा पशुओं के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नलों में साफ पानी नहीं आता और पेयजल में सीवरेज के दूषित पानी की मिलावट की शिकायत भी है। इसके चलते लोगों को पीने के पानी के लिए कैंपर मंगवाने पड़ रहे हैं। छत पर बंदर तो गलियों में कुत्तों का आतंक उमरा गेट निवासी चिराग ने कहा कि घर की छत पर जाने पर बंदर परेशान करते हैं, जबकि गलियों में बेसहारा कुत्तों का डर बना रहता है। बंदरों और कुत्तों के काटने की घटनाओं से लोग चिंतित हैं। उन्होंने मांग की कि बेसहारा पशुओं पर नियंत्रण के साथ सफाई और सीवरेज व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए। समाजसेवी सन्नी इलाहाबादी ने कहा कि शहर को गंदगी और बेसहारा पशुओं की समस्या से मुक्त करवाने के उद्देश्य से वार्ड-1 से अभियान शुरू किया गया है। वह शहर के सभी 27 वार्डों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और उनकी समस्याओं को उठाएंगे। वार्ड-6 निवासी मोनू संधू ने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो चिंता का विषय है। ढाई महीने पहले लगाया था टेंडर : प्रवीण इलाहाबादी नगर परिषद अध्यक्ष प्रवीण इलाहाबादी ने बताया कि बेसहारा पशुओं, बंदरों और कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए करीब ढाई महीने पहले टेंडर लगाया गया था। टेंडर खुलने के समय नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता मौजूद नहीं होने के कारण इसे अलॉट नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि सोमवार या मंगलवार से कार्यकारी अभियंता के नियमित रूप से कार्यालय आने की उम्मीद है। इसके बाद टेंडर अलॉट कर समस्या का जल्द समाधान करवाया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *