![]()
करनाल जिले के गांव गुनियाना में महिला से अश्लील इशारे करने और फब्तियां कसने का विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पड़ोसी और उसके भाई पर छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर निसिंग थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आते-जाते अश्लील इशारे करने का आरोप
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सौरभ और अर्जुन उसके पड़ोसी हैं। आरोप है कि सौरभ आते-जाते उसे अश्लील इशारे करता था और फब्तियां कसता था। महिला के अनुसार, यह सिलसिला लगातार चल रहा था, जिससे वह परेशान थी।
महिला ने शिकायत में बताया कि 9 अक्टूबर को सुबह उसका पति काम पर चला गया था। वह घर में घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान सौरभ ने कथित तौर पर रोजाना की तरह उसे अश्लील इशारे किए। इससे परेशान होकर वह घर के अंदर चली गई। महिला का आरोप है कि पड़ोसी की इस हरकत के कारण उसे असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। पति को बताई पड़ोसी की हरकतें
शिकायत के अनुसार, उसी दिन शाम करीब 5:30 बजे महिला का पति काम से घर लौटा। महिला ने उसे बताया कि सौरभ आते-जाते अश्लील इशारे करता है और फब्तियां कसता है। पत्नी की बात सुनने के बाद पति घर के बाहर गया। उस समय सौरभ और उसका भाई अर्जुन अपने घर के बाहर खड़े थे।
महिला के मुताबिक, उसके पति ने अपने घर के सामने खड़े होकर सौरभ से कहा कि दोनों के घर आमने-सामने हैं और पड़ोसी होने के बावजूद इस तरह की हरकतें करना ठीक नहीं है। पति ने सौरभ को उसकी हरकतों के बारे में समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि यह बात सुनते ही सौरभ गुस्से में आ गया। दोनों भाइयों पर दंपती से मारपीट का आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान सौरभ और अर्जुन उसके पति से झगड़ा करने लगे। आरोप है कि दोनों भाइयों ने उसके और उसके पति के साथ मारपीट की। विवाद बढ़ता देखकर आसपास के पड़ोसी मौके पर इकट्ठा हो गए। शिकायत के अनुसार, पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया और काफी मशक्कत के बाद दंपती को दोनों आरोपियों से छुड़वाया।
महिला ने आरोप लगाया कि झगड़े के दौरान दोनों भाइयों ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट और धमकी देने के आरोपों में सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उसने शिकायत में न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने आज दर्ज किया मुकदमा
महिला की शिकायत पर निसिंग थाना पुलिस ने आरोपी सौरभ और अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसा, शिकायत में सौरभ और अर्जुन पर अश्लील इशारे करने, छेड़खानी और मारपीट करने के आरोप लगाए गए। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी। पुलिस की जांच में घटना की परिस्थितियों, मारपीट और धमकी से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा।
Source link
करनाल में महिला को किए अश्लील इशारे:विरोध पर पति से मारपीट,शिकायत करने पर दंपती को दी जान से मारने की धमकी
