Headlines

सोनीपत में स्वामी श्रद्धानंद का बलिदान दिवस मनाया गया:विधायक निखिल मदान बोले- उनका जीवन राष्ट्र और समाज के लिए प्रेरणा है




सोनीपत में आर्य समाज के प्रमुख स्तंभ, महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान दिवस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आर्य समाज मंदिर, काठ मंडी में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा राष्ट्रहित, सामाजिक सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक निखिल मदान ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक जागरण, शिक्षा के विस्तार और वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित रहा। उन्होंने महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती जी के विचारों एवं संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाई। कुरीतियों के खिलाफ लड़े और गुरुकुल शिक्षा को दिया बढ़ावा विधायक मदान ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद जी केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध कठोर संघर्ष करने वाले दूरदर्शी समाज सुधारक भी थे। उन्होंने शिक्षा को समाज की उन्नति का मूल आधार माना और देश में गुरुकुल शिक्षा पद्धति को पुनर्जीवित व मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने, राष्ट्र कर्तव्यों का पालन करने और सामाजिक चेतना जगाने की प्रेरणा देता है। युवा पीढ़ी के लिए प्रासंगिक हैं स्वामी जी के आदर्श विधायक ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद जी का सर्वोच्च बलिदान इतिहास के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, त्याग, साहस व समाजसेवा के मार्ग पर चलने की दिशा दिखाते हैं। ऐसे महापुरुषों के जीवन दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वामी जी के विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक निखिल मदान ने समस्त प्रदेशवासियों को माँ भगवती की उपासना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि तथा महाराजा अग्रसेन जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में कपिल देव शास्त्री, धर्मदेव दहिया, अरुण दहिया, नरेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *