राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से रविवार को बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बरसात हुई। बीकानेर के लूणकरणसर में ओले भी गिरे।
.
श्रीगंगानगर, चूरू और हनुमानगढ़ में 20MM तक बरसात हुई। बारिश से मौसम में ठंडक हो गई। श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 7 डिग्री तक गिर गया।
मौसम विभाग ने 13 से 15 अक्टूबर तक इन जिलों में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताते हुए आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 13 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर और चूरू में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।
श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चूरू, बीकानेर, सीकर, पिलानी (झुंझुनूं) में भी पारा 3 से 5 डिग्री तक नीचे आ गया। फलोदी में अधिकतम तापमान 37.2, चित्तौड़गढ़ में 36.8, जैसलमेर में 36.2, जोधपुर व भीलवाड़ा में 36, उदयपुर में 35.9, बाड़मेर में 35.4, बीकानेर में 35.2, कोटा में 35.8, सीकर व अजमेर में 35 और नागौर में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

श्रीगंगानगर के करणपुर में 20 MM बारिश
श्रीगंगानगर के करणपुर में 20, मिर्जेवाला में 14, श्रीगंगानगर शहर में 18, हिंदूमलकोट में 18.6 और केसरीसिंहपुर में 17MM बरसात हुई। हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू और झुंझनूं के कुछ एरिया में भी रविवार देर शाम बादल छाने के बाद तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई।
मौसम केंद्र जयपुर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक एक और सिस्टम बन रहा है। इसके असर से 13 से 15 अक्टूबर तक बीकानेर संभाग के साथ ही शेखावाटी के एरिया में आंधी-बारिश की गतिविधियां होने की संभावना है।
जयपुर में पारा गिरा, गर्मी से राहत
जयपुर में रविवार को दिन और रात के तापमान में 1 डिग्री तक गिरावट हुई। हल्की हवा चलने से यहां गर्मी से राहत रही। जयपुर में अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने यहां अगले कुछ दिन मौसम ड्राई रहने का अनुमान जताया है।




