![]()
करनाल में असंध थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता और उसके सास-ससुर के बीच घरेलू विवाद सामने आया है। विवाहिता ने सास-ससुर पर प्रताड़ित करने और ससुर पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पति प्रिंस शादी के दो महीने बाद कनाडा चला गया था। इसके बाद से ही ससुराल में परेशानी बढ़ गई। विवाहिता अपने ससुराल में ही रहना चाहती है, जबकि ससुराल पक्ष ने उसके आरोपों को निराधार बताया है। रविवार को विवाहिता अपने परिवार के लोगों के साथ ससुराल पहुंची और घर में प्रवेश कर लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। शादी के दो महीने बाद कनाडा चला गया पति
विवाहिता के अनुसार, उसकी शादी नवंबर 2025 में हुई थी। शादी के बाद उसका पति प्रिंस करीब दो महीने तक उसके साथ रहा और फिर कनाडा चला गया। महिला का कहना है कि पति के विदेश जाने के बाद से ही ससुराल में विवाद शुरू हो गया। जब तक उसका पति घर पर था, तब तक सब कुछ ठीक था। अब वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। उसने स्पष्ट किया कि वह पति के पास विदेश जाने के लिए दबाव नहीं बना रही, बल्कि एक पत्नी की तरह उसके साथ रहना चाहती है। सास के साथ एक ही बिस्तर पर सुलाने का आरोप
विवाहिता ने आरोप लगाया कि उसकी सास उसे अपने साथ बिस्तर पर सुलाती थी और उसी बिस्तर पर उसका ससुर भी सोता था। महिला का कहना है कि ऐसा उसकी इच्छा के विरुद्ध किया जाता था। उसने इसका विरोध भी किया, लेकिन उसकी बात नहीं मानी गई। विवाहिता ने अपने ससुर पर छेड़छाड़ करने के आरोप भी लगाए हैं। इस संबंध में उसने असंध थाने में शिकायत दी हुई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और मामले में पुलिस की जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है। आईफोन छीनने और सामने बैठाकर बात करवाने का आरोप
विवाहिता ने बताया कि सगाई के दौरान उसके पति ने उसे आईफोन उपहार में दिया था। शादी के बाद भी वह फोन उसके पास था, लेकिन पति के कनाडा जाने के बाद ससुराल वालों ने उससे फोन ले लिया। उसका आरोप है कि जब भी उसे अपने मायके में बात करनी होती थी, तो सास-ससुर अपने सामने बैठाकर ही बातचीत करवाते थे। उसके पास अपना फोन नहीं था, इसलिए वह सास के मोबाइल से ही मायके वालों से बात करती थी। दो साल तक रहा रिश्ता, शादी से पहले भी हुई मुलाकात
विवाहिता ने बताया कि शादी से पहले उसके पति के साथ करीब दो साल तक प्रेम संबंध रहे थे। जब वह करनाल में कोर्स करने जाती थी, तब उसकी लाइव लोकेशन भी पति के फोन में रहती थी। महिला के अनुसार, 15 मार्च 2024 को उसका पति उसे देखने के लिए उसके घर आया था। इसके दो दिन बाद उसकी फ्लाइट थी। इसके बाद वह वर्ष 2025 में आया और शादी से करीब 10 दिन पहले उससे मिला। नवंबर 2025 में दोनों की शादी हुई। शादी के बाद वे बाली घूमने भी गए थे। विवाहिता का कहना है कि पति के विदेश जाने के बाद ही उनके रिश्ते और ससुराल में परेशानियां बढ़ीं। दो महीने से पति से बात नहीं होने का दावा
महिला ने बताया कि पिछले दो महीने से उसकी अपने पति से बात नहीं हो पा रही है। उसका आरोप है कि पति ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया है। उसने कहा कि वह ससुराल में ही रहना चाहती है और उसे घर से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उसके अनुसार, वह जून में अपने मायके गई थी और पिछले महीने भी वहां रहकर आई थी, लेकिन वह ससुराल में ही रह रही है। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि सास-ससुर उस पर घर में गलत काम करने जैसे आरोप लगाते रहे हैं। उसका सवाल है कि जब सास-ससुर हर समय उसके सामने रहते हैं, तो वह ऐसा कैसे कर सकती है। महिला का कहना है कि वह अब घर छोड़कर नहीं जाएगी। ससुर बोले- बहू मायके से आकर जबरन घर में घुसी
वहीं, विवाहिता के ससुर तरसेम पांचाल ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की शादी बालू गांव में हुई थी। बहू पहले अपने मायके में रह रही थी और रविवार को अचानक अपने परिवार के लोगों के साथ घर आ गई। तरसेम के अनुसार, बहू जबरन घर में घुस गई और अब वहां से जाने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि इस स्थिति में परिवार के लोगों के लिए घर के अंदर रहना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए गलत काम के आरोपों को झूठा बताया। विदेश भेजने के लिए दबाव बनाने का आरोप
तरसेम पांचाल ने दावा किया कि उन पर बहू को कनाडा भेजने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह इतनी जल्दी विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकते। उनके अनुसार, बहू की बायोमेट्रिक प्रक्रिया करवाई जा चुकी है। तरसेम ने यह भी आरोप लगाया कि उन पर दबाव डालते हुए कहा जा रहा है कि यदि लड़की को विदेश नहीं भेजा गया तो वह आत्महत्या कर लेगी। हालांकि, यह ससुर की ओर से लगाया गया आरोप है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का किया प्रयास
घरेलू विवाद को सुलझाने के लिए अब तक आठ बार पंचायतें भी हो चुकी हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। रविवार को घर में प्रवेश को लेकर विवाद बढ़ने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने विवाहिता और उसके ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। फिलहाल विवाहिता ससुराल में रहने की बात पर अड़ी है, जबकि ससुराल पक्ष उसके आरोपों को गलत बता रहा है। मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच और विवाद का समाधान होना बाकी है।
Source link
पति कनाडा गया तो ससुराल में बढ़ा विवाद:बहू ने सास-ससुर पर लगाए प्रताड़ना के आरोप,विवाहिता बोली- घर से नहीं निकलूंगी, यहीं रहना चाहती हूं
