![]()
जयपुर के पोलो मैदान में नाइट पोलो के रोमांच के बीच प्रतिष्ठित मेयो पोलो कप का एग्जिबिशन मैच खेला गया। राजस्थान पोलो क्लब में आयोजित इस मुकाबले में टीम मेयो पिंक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम मेयो व्हाइट को 7-5 से शिकस्त दी। मुकाबले में खिलाड़ियों ने घुड़सवारी, गेंद पर नियंत्रण, सटीक शॉट और टीमवर्क का बेहतरीन प्रदर्शन किया। मैच में टीम मेयो पिंक की जीत के नायक राव हिम्मत सिंह बेदला रहे, जिन्होंने अकेले पांच गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें मैच का मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर भी चुना गया। यू.एस. पोलो एसोसिएशन ने मेयो ओल्ड बॉयज सोसायटी के सहयोग से इस मुकाबले का आयोजन किया। पोलो की परंपरा और विरासत को समर्पित इस आयोजन में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल आलोक क्लेर ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। मैच में जयपुर के सवाई पद्मनाभ सिंह ने भी हिस्सा लिया। यहां देखिए पोलो मैच के फोटोज…
हिम्मत सिंह के पांच गोल से मेयो पिंक की जीत मेयो पिंक और मेयो व्हाइट के बीच मुकाबला शुरुआत से ही रोमांचक रहा। मेयो पिंक की ओर से राव हिम्मत सिंह बेदला ने शानदार खेल दिखाते हुए पांच गोल किए। सवाई पद्मनाभ सिंह और विक्रमादित्य सिंह बरकाना ने एक-एक गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। टीम में विश्वराज सिंह भी शामिल रहे। वहीं, मेयो व्हाइट की ओर से प्रताप सिंह कानोता ने तीन और हुर्र अली ने दो गोल किए। टीम में शिवांश सिंह शक्तावत और वीरम देव सिंह कृष्णावत भी खेले। मेयो व्हाइट के खिलाड़ियों ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन मेयो पिंक की मजबूत रणनीति और आक्रामक खेल के सामने टीम 5 गोल तक ही पहुंच सकी। मेयो पोलो कप का चौथा संस्करण मेयो पोलो कप के तीन सफल संस्करणों के बाद इसका चौथा संस्करण राजस्थान पोलो क्लब में आयोजित किया गया। इस बार नाइट पोलो के प्रारूप ने मुकाबले को खास बनाया। रोशनी के बीच घोड़ों की रफ्तार और खिलाड़ियों के कौशल ने दर्शकों के लिए अलग अनुभव तैयार किया। आयोजन के जरिए पोलो खेल की परंपरा, विरासत और खेल भावना को सामने लाने का प्रयास किया गया। सवाई पद्मनाभ सिंह ने कहा कि मेयो कप का हिस्सा बनना और यू.एस. पोलो एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व करना हमेशा खास अनुभव होता है। यह पोलो की विरासत और भावना से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने खेल को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने और पोलो को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कह जयपुर में नाइट पोलो की बढ़ती लोकप्रियता से खिलाड़ियों और दर्शकों, दोनों को एक नया अनुभव मिल रहा है। मेयो कॉलेज के पूर्व छात्र होने के कारण यह मुकाबला उनके लिए विशेष महत्व रखता है। यू.एस. पोलो एसोसिएशन इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ सूरी ने कहा कि पोलो का खेल ब्रांड की पहचान और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मेयो पोलो कप इस खेल, इसकी विरासत और इससे जुड़े समुदाय का उत्सव मनाने का मंच है। उन्होंने मेयो ओल्ड बॉयज सोसायटी के साथ साझेदारी जारी रखने और कप के चौथे संस्करण को जयपुर में आयोजित करने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों का जुनून, कौशल और खेल भावना पोलो के आकर्षण को दर्शाती है। मेयो ओल्ड बॉयज सोसायटी की कार्यकारी समिति के सदस्य विवेक बाली ने बताया कि इस साझेदारी का यह दसवां संस्करण है। आयोजन में प्रतिष्ठित पोलो खिलाड़ियों और मेयो कॉलेज की परंपराओं का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में राजस्थान पोलो क्लब के सचिव दिग्विजय सिंह, यू.एस. पोलो एसोसिएशन के वैश्विक लाइसेंसिंग कारोबार के भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया और ऑस्ट्रेलिया क्षेत्र के प्रतिनिधि ध्रुव आनंदन और राजस्थान पोलो क्लब के संयुक्त सचिव विक्रमादित्य बरकाना सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
Source link
पोलो में मेयो पिंक ने व्हाइट को 7-5 से हराया:मेयो पोलो कप में मैदान पर उतरे सवाई पद्मनाभ सिंह, राव हिम्मत सिंह बेदला बने मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर
