बेगूसराय जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 28 (NH-28) पर मंगलवार रात सड़क हादसे में ईंट चिमनी मालिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बछवाड़ा के गोधना गांव निवासी सुनील कुमार चौधरी के पुत्र ऋषिराज चौधरी उर्फ बाबू साहब (42) के रूप में हुई है। घटना फुलवरिया थाना क
.
जानकारी के अनुसार ऋषिराज रोज की तरह बरौनी से अपने व्यावसायिक कार्य निपटाकर रात करीब 11:00 बजे बाइक से गांव लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऋषिराज बाइक समेत काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। इस बीच ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

सदर अस्पताल में शव का कराया गया पोस्टमार्टम।
‘खून से लथपथ सड़क पर पड़े रहे’
मृतक के छोटे भाई हर्ष राज ने बताया कि हादसा रात करीब 11 से 11:30 बजे के आसपास हुआ। दुर्घटना के बाद उनके भाई 20 से 25 मिनट तक सड़क पर असहाय स्थिति में पड़े रहे। उस दौरान हाईवे से गुजरने वाले किसी भी वाहन चालक या राहगीर से उन्हें तत्काल मदद नहीं मिल सकी।
समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उन्होंने दुर्घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के काफी देर बाद वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों की नजर सड़क पर पड़ी। उनके पास से मिले पहचान पत्र और मोबाइल की मदद से स्थानीय लोगों ने परिवार को सूचना दी।

घर के बाहर जुटी भीड़।
घर में मचा कोहराम
मौत की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ऋषिराज अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
फुलवरिया पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जिससे टक्कर मारकर भागने वाले वाहन की पहचान कर चालक को गिरफ्तार किया जा सके।
