Headlines

BJP नेत्री के पति की मौत, अंतिम संस्कार से इनकार:पिता बोले-₹32 करोड़ का लेनदेन, 3 लोग दे रहे थे धमकियां; रोहतक में स्कॉर्पियो में मिला शव




हरियाणा के रोहतक में भाजपा नेत्री दीपिका नारा के एडवोकेट पति प्रदीप नारा का शव बुधवार देर रात कांग्रेस भवन के सामने स्कॉर्पियो में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे सुसाइड बताया, जबकि रोते-बिलखते वारदात स्थल पर पहुंचे पिता देवेंद्र नार ने इसे हत्या कहा। देवेंद्र का कहना था कि यह पूरा मामला 32 करोड़ रुपए के लेनदेन का था। परिवार को पहले से धमकियां मिल रही थीं और करीब 10 दिन पहले भी कुछ लोगों ने घर आकर धमकी दी थी कि उसे भी मारेंगे और पोता-पोती को भी मारेंगे। पिता ने यह भी कहा कि मारने वाले बाहर के नहीं है, बल्कि परिवार के तीन लोग ही है। परिवार के लोगों के डर से मध्य प्रदेश में भी काम छोड़कर पिछले साल आ गए थे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। फिलहाल, पुलिस अफसरों ने यह कहकर मामला शांत किया कि परिजनों की तरफ से जो भी शिकायत दी जाएगी, उसी के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आज शव का पोस्टमार्टम कराएगी। मृतक प्रदीप नारा के पिता ने पुलिस को ये बातें बताईं…. एडवोकेट था प्रदीप नारा, ठेकेदारी का भी करता था काम पिता देवेंद्र नारा ने बताया कि उसका बेटा प्रदीप नारा एडवोकेट था, जो जिला बार एसोसिएशन का सदस्य भी था। मगर, वकालत करने की बजाय वह ठेकेदारी का काम करता था। पीके कंस्ट्रैक्शन के नाम से उसकी कंपनी भी थी। उनके और बेटे प्रदीप के पास मध्य प्रदेश के कांट्रेक्ट भी थे। उधर, रोहतक जिला बार एसोसिएशन के प्रधान हरिस्वरूप हुड्डा ने बताया कि प्रदीप नारा रोहतक बार के सदस्य थे। बार पीड़ित परिवार के साथ हैं। 2019 में पार्षद बनी थी पत्नी दीपिका देवेंद्र नारा का परिवार कांग्रेसी रहा है, लेकिन 2019 में निर्दलीय के तौर पर वार्ड-18 से पुत्रवधु दीपिका नारा ने पार्षद का चुनाव लड़ा और जीतकर पार्षद बनी। पार्षद बनने के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई। तभी से परिवार भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहा है। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने बताया कि दीपिका ने 2022 में भाजपा ज्वाइन की थी। हत्या के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस मामले की जांच करेगी। वे पीड़ित परिवार के साथ हैं। एसएचओ बोले- पिस्तौल कनपटी से सटाकर गोली मारी आर्य नगर थाना एसएचओ सुशील ने बताया कि प्राथमिक जांच में सुसाइड का मामला लग रहा है। लाइसेंसी पिस्तौल से कनपटी से सटाकर गोली चला रखी है। मृतक का नाम प्रदीप नारा है, जो ठेकेदारी का काम करता है। मृतक के परिजनों की तरफ से जो भी शिकायत दी जाएगी, उसी के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *