Headlines

CBI की 12 घंटे रेड में भी कुछ नहीं मिला:चुनाव से पहले भाजपा विरोधियों के बड़े नेताओं को करती है परेशान- सीएम मान




पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में सीबीआई की 12 घंटे तक चली छापेमारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि लंबी तलाशी के बाद भी केंद्रीय एजेंसी के हाथ कुछ नहीं लगा और वे पूरी तरह खाली हाथ लौट गईं। मुख्यमंत्री ने इसे अपनी सरकार की ईमानदारी का साफ सबूत करार दिया है। संगरूर में एक समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम मान ने आरोप लगाया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर चुनी हुई सरकारों और विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, तो भाजपा विरोधियों को डराने के लिए ऐसी हथकंडे अपनाती है। दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी यही पैंतरा अपनाया गया था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि न तो वह और न ही उनकी सरकार ऐसे दबावों से डरने वाली है। सीएम मान ने कहा कि हम पैसा कमाने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब की सेवा करने आए हैं। पंजाबी कभी भी धक्केशाही और अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक दबाव उनके इरादों को कमजोर नहीं कर सकता। किसानों और राज्य के मुद्दों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र पर पंजाब के साथ लगातार सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड, एसवाईएल नहर और आरडीएफ फंड जैसे मामलों में हमेशा पंजाब के हितों की अनदेखी की गई है। इसके अलावा, उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले 700 से अधिक किसानों का मुद्दा भी उठाया। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि नहर के पानी की बेहतर उपलब्धता से किसानों की पैदावार में चार क्विंटल प्रति एकड़ तक की बढ़ोतरी हुई है, जो भूजल संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंदरूनी कलह में उलझी है और अकाली दल हाशिए पर जा चुका है। अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आम आदमी पार्टी के विकास कार्यों के दम पर 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *