हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़ हुआ फरार।
दीनानगर में जीटी रोड पर गांधी गेट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार महिंद्रा बोलेरो गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े 30 वर्षीय युवक को बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक अपनी गाड़ी को दुर्घटनास्
.
ये पूरा हादसा पास की ही दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। मृतक युवक की पहचान रजत कुमार (30) पुत्र राममूर्ति, निवासी दीनानगर के रूप में हुई है। पूर्व पार्षद तिरलोक सिंह डोला ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका भतीजा रजत कुमार हादसा स्थल के सामने स्थित एक दुकान पर काम करता था।
रात करीब 10 बजे रजत अपनी दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी में था। वह सड़क के दूसरी ओर स्थित एक फर्नीचर शोरूम के बाहर अपने एक दोस्त के साथ खड़ा होकर बातें कर रहा था। इसी दौरान पठानकोट की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार महिंद्रा बोलेरो गाड़ी सीधे उनकी तरफ बढ़ी।

हादसे के तुरंत बाद लोग वहां इकट्ठा हुए।
दोस्त ने तो जान बचा ली, लेकिन रजत चपेट में आया
बोलेरो गाड़ी को करीब आते देख रजत के दोस्त की नजर उस पर पड़ गई और वह तुरंत सड़क किनारे पीछे हट गया। लेकिन जैसे ही रजत कुमार पीछे हटने लगा, बेकाबू बोलेरो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। गाड़ी की भीषण टक्कर से रजत उछलकर सड़क पर आ गिरा और उसी गाड़ी के टायरों के नीचे कुचला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में मझला था।
पुलिस की कार्रवाई और अंतिम संस्कार
घटना की सूचना मिलते ही दीनानगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो गाड़ी को कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास के परिसरों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज और गाड़ी के दस्तावेजों की मदद से फरार चालक का सुराग जुटाने में लगी है।
पुलिस ने शव का गुरदासपुर सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों को सौंप दिया है। बाद दोपहर गांधी गेट स्थित श्मशानघाट में परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
