चार सितंबर को झज्जर एनसीआर नहर में संदीप और कविता के शव मिले थे।
दिल्ली के लिव-इन पार्टनर संदीप और कविता की हत्या के मामले में सीआईए-2 (CIA-2) को अहम कामयाबी मिली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के आरोपी संदीप के दोस्त—हसनगढ़ निवासी नितेश उर्फ मोडिस और नितेश उर्फ बच्चा हैं।
.
दोनों कविता पर गलत नजर रखते थे, जिसे लेकर संदीप का उनसे विवाद भी हुआ था। इसी रंजिश में आरोपियों ने संदीप और कविता के सिर पर ईंट से वार कर उनकी हत्या कर दी और दोनों के शवों को झज्जर स्थित एनसीआर (NCR) नहर में फेंक दिया।
उधर, मृतक के भाई राकेश सिंह ने बताया कि संदीप पहले से हसनगढ़ में रह रहा था और उसके दो बच्चे हैं। साल 2012 में उसकी पत्नी का देहांत हो गया था। संदीप की मुलाकात कविता से नोएडा के एक कपड़ा शोरूम में हुई थी, जिसके बाद दोनों हसनगढ़ में साथ रहने लगे थे। कविता भी शादीशुदा थी और उसके भी दो बच्चे हैं।
पुलिस के अनुसार, संदीप खुद भी पहले हत्या के एक मामले में जेल जा चुका था। वर्ष 2024 में उसे जमानत मिली थी और बाद में वह बरी हो गया था। फिलहाल, पुलिस दोनों नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।
झज्जर एनसीआर नहर में इस तरह मिले थे शव, PHOTO

रविवार को महिला कविता का शव झज्जर में नहर से बरामद हुआ था।

परिवार का आरोप है कि 30 सितंबर को ही कर दी गई थी दोनों की हत्या। संदीप का शव काफी गल चुका था।
मृतक संदीप के भाई ने पुलिस को ये बातें बताईं…
- कविता के साथ दिल्ली में रहता था संदीप: संदीप के भाई राकेश सिंह ने पुलिस को बताया कि संदीप की रोहतक के हसनगढ़ में परचून की दुकान थी, जिसे उसने करीब तीन महीने पहले बंद कर दिया था। इसके बाद वह कविता के साथ दिल्ली के नेब सराय इलाके में रहने लगा था। हालांकि, उसका हसनगढ़ आना-जाना लगा रहता था। 26 सितंबर को वह कविता के साथ कार से हसनगढ़ आया था।
- 30 सितंबर को मां से हुई थी आखिरी बात: राकेश के मुताबिक, 30 सितंबर को संदीप की मां की उससे फोन पर बात हुई थी। तब संदीप ने बताया था कि वह कविता, नितेश उर्फ मोडिस और नितेश उर्फ बच्चा के साथ है और एक-दो दिन में घर लौट आएगा। हालांकि, इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और परिजनों से संपर्क टूट गया।
- 4 अक्टूबर को मिली हत्या की जानकारी: राकेश ने आगे बताया कि कई दिनों तक संपर्क न होने पर चार अक्टूबर को परिजन संदीप की तलाश में हसनगढ़ पहुंचे। इसी दौरान उन्हें आसौदा के पास नहर में दो शव मिलने की सूचना मिली। परिजन तुरंत पुलिस चौकी पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो के आधार पर राकेश ने शवों की पहचान संदीप और कविता के रूप में की।
- सिर कुचलकर की गई हत्या: राकेश ने अपनी शिकायत में नितेश उर्फ मोडिस और नितेश उर्फ बच्चा पर ईंट से सिर कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को नहर में फेंक दिया और संदीप की कार लेकर फरार हो गए।

पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी
इस संबंध में सांपला के डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हत्या के कारणों समेत पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।
———————
ये खबर भी पढ़ें…
कपल का मर्डर कर नहर में फेंका:8 महीने से लिव-इन में थे, रोहतक छोड़कर दिल्ली में रहने लगे; दोस्तों पर ही शक

हरियाणा के रोहतक निवासी युवक और उसकी लिव-इन पार्टनर का मर्डर कर लाशें नहर में फेंक गई। दोनों के शव अब झज्जर में नहर से बरामद हुए। दोनों 8 महीने से साथ रह रहे थे। युवक पहले जनरल स्टोर चलाता था। (पूरी खबर पढ़ें)
