Headlines

HRTC बस से 1 किलो 293 ग्राम चरस बरामद:मंडी में नशे के साथ यूपी का युवक गिरफ्तार, पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पकड़ा




हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फोरलेन पर पुंघ के पास नाकाबंदी के दौरान एक HRTC बस से 1 किलो 293 ग्राम चरस के साथ उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को सुंदरनगर पुलिस टीम पुंघ फोरलेन पर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (HP 66A 4184) को चेकिंग के लिए रोका गया। बस की तलाशी लेने पर उसमें सवार संदीप (निवासी जिला खीरी, उत्तर प्रदेश) के कब्जे से 1 किलो 293 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत चरस को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले की पुष्टि करते हुए मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी संदीप के खिलाफ थाना सुंदरनगर में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20 के तहत मामला नंबर 233/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को आज अदालत में पेश कर रही है। एसपी विनोद कुमार ने कहा कि जिले में अवैध नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे की तस्करी या खरीद-फरोख्त से जुड़ी कोई भी गतिविधि दिखे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर चरस की सप्लाई चैन और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *